पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मृतक की पत्नी बोली सेठ ने दी थी मारने की धमकी

मृतक की पत्नी बोली- सेठ ने दी थी मारने की धमकी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
होशंगाबाद। जिला अस्पताल के सामने शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे मृतक के परिजनों ने सड़क पर धरना देते हुए ट्रैफिक रोक दिया। परिजन अर्जुन अहिरवार की मौत के मामले में उसके नियोक्ता के खिलाफ मृतक को प्रताड़ित करने और हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग कर रहे थे। गुस्साए परिजनों का यह प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला। इस बीच वे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी करते रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें सड़क से हटाया। विरोध प्रदर्शन के चलते मृतक के पोस्टमार्टम में भी देर हुई।

पवारखेड़ा स्थित नंदन ढाबे के पास रेल पटरी पर अर्जुन अहिरवार (35) का शव मिला था। पुलिस के मुताबिक वह दक्षिण एक्सप्रेस के सामने कूद गया था। शनिवार को उसका शव लेने जिला अस्पताल आई मृतक की पत्नी अनिता अहिरवार और परिजनों ने आरोप लगाया कि अर्जुन ने उसके नियोक्ता उत्तम गौर की प्रताड़ना के कारण आत्महत्या की है। उन्होंने उत्तम गौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किए जाने की मांग की। अपनी इस मांग को लेकर परिजन जिला अस्पताल के दो नंबर गेट के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे।
मृतक की पत्नी अनिता अहिरवार का आरोप था कि शुक्रवार रात को पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी, जबकि उनका पूरा परिवार रिपोर्ट लिखवाने के लिए सिटी थाने पहुंचा था। इधर, आरोपों को लेकर उत्तम गौर का कहना है कि अर्जुन 3 सालों से उनके यहां मुनीमी कर रहा था। शुक्रवार को पुलिस की सूचना पर वे पवारखेड़ा रेलवे ट्रैक पर पहुंचे थे, वहां अर्जुन की लाश मिली। इसके बाद तुरंत अर्जुन के परिजनों को सूचना दी। इसके अलावा मामले से कोई और लेना-देना नहीं है।

पुलिस ने सख्ती से लोगों को हटाया : सड़क पर प्रदर्शन कर रहे लोग समझाइश के बावजूद सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। उन्हें हटाने के लिए पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। एएसपी शशांक गर्ग और ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत के पहुंचने पर पुलिस ने लाेगों को हटाया।

2.30 पर शुरू हुआ पीएम : अपनीमांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे परिजन सड़क से तो हट गए, लेकिन उन्होंने 2.30 बजे तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं होने दिया। परिजनों के सहमत होने पर दोपहर 2.30 बजे के बाद डॉ.विजय आरख और डॉ.डीसी किंगर ने पोस्टमार्टम किया।



गंभीरता से जांच कराएंगे : मृतक के दक्षिण एक्सप्रेस के सामने कूदने की रिपोर्ट ट्रेन के ड्राइवर ने दर्ज कराई है। मामले की जांच कराई जाएगी। जो सामने आएगा, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। '' शशांक गर्ग, एएसपी होशंगाबाद:

बस... मेरे पति को वापस ला दो: शनिवार को पोस्टमार्टम के पहले पुलिस अधिकारियों से मृतक की पत्नी अनिता अहिरवार न्याय के लिए लगातार गुहार लगा रही थी। बस वो कह रही थी मेरे पति को वापस कर दो, मुझे अब कुछ ओर नहीं चाहिए। अनिता ने बताया कि गुरुवार को ही बंगाली कॉलोनी स्थित घर में उत्तम गौर आकर उसके पति को मारने की धमकी देकर गया था। पैसे के लेन-देन को लेकर कुछ विवाद दोनों के बीच चल रहा था। पिछले तीन सालों से अर्जुन उनके यहां काम करते थे। पिछले 10-15 दिनों से उन लोगों के बीच खींचतान चल रही थी। अनीता ने बताया कि दो दिन पहले ही जिस तरह से उनके सेठ ने घर में हंगामा मचाया गया।