होशंगाबाद। नैक की टीम के आने से पहले शनिवार को कलेक्टर संकेत भोंडवे होमसाइंस कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन से कॉलेज में चल रही तैयारियों को लेकर चर्चा की। इसके बाद कॉलेज में बनाए जा रहे हर्बल पार्क और पोषण बगिया देखने पहुंचे। कलेक्टर ने पोषण बगिया में पौधों की जानकारी ली और कहा कि बगिया काफी अच्छी है, लेकिन इसमें जो पौधे लगाए गए हैं उनकी तख्तियों पर केवल हिंदी नाम ही लिखे हैं।
सभी पौधों के बॉटनिकल नेम भी लिखे जाने चाहिए। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि बॉटनी डिपार्टमेंट में सभी पौधों के बॉटनिकल नेम रहते हैं। यदि नहीं मिल रहे हो तो इंटरनेट की मदद भी ली जा सकती है। बॉटनिकल नेम लिखने से छात्राओं को अध्ययन में भी मदद मिलेगी।
कलेक्टर संकेत भोंडवे ने इसके बाद ऑडिटोरियम के बाजू में विकसित किए जा रहे हर्बल पार्क को देखा और उसकी जरूरत के बारे में प्राचार्य से जानकारी ली। प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन ने बताया कि 19, 20 और 21 फरवरी को नैक की टीम कॉलेज का निरीक्षण करेगी। उसके बाद कॉलेज की ग्रेडिंग होगी।
प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन ने बताया कि पार्क के लिए कुछ अच्छी किस्म के पौधों की जरूरत है। जिस पर कलेक्टर ने उप संचालक हार्टिकल्चर एसएस खान को नैक की टीम के आने से पहले पार्क के लिए पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।