- Hindi News
- सड़क से दुकानें हटाई, चौक चौराहों की मॉनीटरिंग की
सड़क से दुकानें हटाई, चौक-चौराहों की मॉनीटरिंग की
होशंगाबाद| पिछलेएक सप्ताह से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। सोमवार को नपा के अमले ने विवेकानंद घाट के पास रोड पर लगी 1 दर्जन दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान रोड पर सब्जी की दुकान लगाने वाली महिला दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। महिलाओं का कहना था कि उन्हें शहर में कहीं भी नहीं बैठने दिया जा रहा है, ऐसे में रोजी-रोटी चलाना मुश्किल हो गया है। जिस पर राजस्व निरीक्षक मनमोहन यादव ने दुकानदारों को समझाइश दी और कहा कि सब्जी दुकान के लिए कोठी बाजार में जगह तय की गई है, इसलिए निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाई जाए। जिस पर महिलाओं का कहना था कि उन्हें आज दुकानें लगा लेने दिया जाए, कल से वे घाट के सामने दुकानें नहीं लगाएगी। नपा अमले की समझाइश के बाद सब्जी दुकानदारों ने अपनी दुकानें रोड से हटा ली और कुछ दुकानदार सब्जी बाजार चले गए। श्री यादव ने बताया कि घाट के सामने से एक दर्जन दुकानों को हटाया गया। सतरस्ते पर लौट आते हैं ठेले
नगरपालिका का अमला शहर में चौक-चौराहों की मॉनीटरिंग कर रहा है। जहां से रविवार दुकानें हटाई गई थी, वहां कर्मचारी विजिट कर रहे हैं। दुकान लगाने वाले लोगों के ठेले हटाए जा रहे हैं। सोमवार को नपा के अमले ने सतरस्ता चौक, इब्राहिम चौक, गृह विज्ञान कॉलेज और एसएनजी ग्राउंड के पास वाली रोड समेत शहर के अन्य चौक-चौराहों की निगरानी की। राजस्व निरीक्षक मनमोहन यादव ने बताया कि सतरस्ता चौक पर कुछ ठेले वालों ने दुकानें लगा ली थी, जिन्हें हटाया गया। उन्होंने बताया कि यहां पर अस्थाई दुकानें लगाने वाले लोग कार्रवाई देखकर ठेले अंदर कर लेते हैं और बाद में फिर से दुकानें लगा लेते हैं। नहीं मानने पर सामान जप्त करेंगे।