- Hindi News
- अहंकार नहीं जनता की सेवा के लिए एकजुट होकर करें काम: वनमंत्री
अहंकार नहीं जनता की सेवा के लिए एकजुट होकर करें काम: वनमंत्री
भारतीयजनता पार्टी जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को यहां यादव भवन में हुई। मुख्य वक्ता प्रदेश के वनमंत्री और जिले के संगठन प्रभारी डॉ. गौरीशंकर शैजवार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं और सदस्यों को नगरीय निकाय के चुनाव में पार्टी की जीत के लिए बूथ स्तर पर काम करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बताया कि संगठन के सदस्य 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से 11 अक्टूबर जयप्रकाश नारायण की जयंती तक केन्द्र सरकार की सौ दिन के कार्य एवं प्रदेश सरकार के कार्य के साथ भाजपा शासित नगरीय निकायों की उपलब्धि के बारे में घर-घर जाकर जानकारी देंगे। वनमंत्री ने कहा पार्टी सत्ता में हैं, जनता को हमसे बहुत अपेक्षाएं हैं। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे जनता की अपेक्षाओं को पूरा करें और सत्ता का अहंकार मन में नहीं लाएं। नगरीय निकाय के चुनाव में संगठित होकर कार्य करें। पार्टी के जिलाध्यक्ष संपत मूदड़ा ने स्वागत उद्बोधन दिया। पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा ने बताया कि पुराने कार्यकर्ताओं ने पार्टी को अपने कामों से मजबूत बनाया है। नगरीय निकाय चुनाव में भी एकजुट होकर ही सफलता मिलेगी। सोहागपुर विधायक ठाकुर विजय पाल सिंह ने कहा कि पार्टी चुनाव में जनता की मांग के अनुरूप प्रत्याशी निर्धारित करती है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी एकजुट होकर प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करना है।