पहली बार प्रदेश की टीम में खेलेगी अचला
कक्षानवमीं में पढ़ने वाली अचला दुबे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की राष्ट्रीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम में शामिल होकर संभाग का प्रतिनिधत्व करेगी। अचला का चयन प्रदेश की अंडर 19 आयु वर्ग की महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। अपनी बेटी को क्रिकेटर बनाने किराना व्यवसायी पिता राजीव दुबे खुद ही बेटी के कोच बन गए। मां खिलाड़ी बेटी की सेहत और पढ़ाई के बीच तालमेल बैठाती हैं।
नर्मदापुरम क्रिकेट अकादमी के मानसेवी सचिव अनुराग मिश्रा ने बताया कि डिवीजन की 2 छात्रा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को देखते हुए इंदौर में आयोजित ट्रायल में भेजने का निर्णय लिया गया था जिनमें से केवल अचला ट्रायल में शामिल हुई और अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर अचला ने प्रदेश की टीम में अपनी जगह बनाई है। 17 सितंबर तक इंदौर में पूरे प्रदेश की टीम के साथ प्रशिक्षण लेकर 18 से 27 सितंबर तक ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अचला अपनी टीम के साथ पंजाब की टीम से मुकाबला करेगी।
अचला वेस्ट सेंट्रल रेलवे सीनियर सेकंडरी स्कूल की कक्षा नवमीं की छात्रा है। अचला के पिता राजीव दुबे भी क्रिकेट के खिलाड़ी रहे हैं।
खेल संस्थाओं से जुड़े राजीव प्रतिदिन यार्ड के खेल मैदान पर खिलाड़ियों को कोचिंग भी देते हैं। राजीव ने बताया कि बेटी अचला की क्रिकेट में रुचि को देखते हुए उन्होंने उसे प्रतिदिन 2 घंटे अभ्यास करवाया। लगातार पांच साल के अभ्यास के बाद बेटी का प्रदेश की टीम में चयन होने की खबर मिलते ही परिवार में खुशियां छा गई हैं।
प्रदेश की टीम में अचला का चयन होने पर नर्मदापुरम डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कपिल फौजदार, सचिव अनुराग अग्रवाल, इटारसी क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष कुलभूषण मिश्रा और खिलाड़ियों ने खुशी जताई है। आईसीए के सदस्यों ने अचला की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन देने सहयोग करने का निर्णय भी लिया है।