- Hindi News
- हाईवे पर छठवीं के छात्र को ट्रक ने कुचला
हाईवे पर छठवीं के छात्र को ट्रक ने कुचला
भास्कर संवाददाता|इटारसी/सुखतवा
केसलामें गुरुवार शाम 4.30 बजे एक ट्रक ने हाईवे पर एक स्कूली छात्र को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कुछ देर हाईवे पर जाम कर दिया। मृतक छात्र स्थानीय छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था और वह छुट्टी होने पर स्कूल से छात्रावास जा रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम किया और ट्रक को थाने के सामने पुलिस ने पकड़ा लेकिन पुलिस के अनुसार चालक फरार हो गया। घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि मृतक रज्जन पिता विशनलाल मरकाम (12) जामपोढार का रहना वाला है जो कक्षा छठवीं का छात्र है। यह कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले अपने बड़े भाई रवीस के साथ छात्रावास में रहता था और दोनों एक ही स्कूल के छात्र हैं। गुरुवार शाम छुट्टी होने पर रज्जन स्कूल से पहले निकला और रोड क्रास कर छात्रावास जा रहा था, तभी यह घटना हुई। जब घटना हुई तब उससे कुछ दूरी पर उसका बड़ा भाई भी मौजूद था। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने घटना स्थल पर आधा घंटे के लिए जाम लगा दिया। बाद में पुलिस द्वारा समझाए जाने पर उन्होंने जाम खोल दिया।