छात्रावास की 10 लाडो का सम्मान किया
इटारसी| केसलाके अदिवासी छात्रावास में लाडाे अभियान कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला में छात्रावास की बालिकाओं को शिक्षा, बाल विवाह के दुष्परिणाम और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिला महिला सशक्तीकरण अधिकारी मनोरमा गढ़वाल ने छात्राओं को स्वयं और अपने आसपास रहने वाले परिजनों को बाल विवाह जैसी कुरीतियों को मिटाने, बेटियों को अच्छी उच्च शिक्षा दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया।
छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पोषण आहार संबंधी जानकारी भी दी। इस अवसर पर छात्रावास में योग गतिविधि के लिए प्रमिला, कक्षा आठवीं में श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम के लिए अहिल्या चौहान, दुर्गांचल सोलंकी, रांगोली के लिए प्रीति काकोडिया, खेल गतिविधियों के लिए ममता बारस्कर, शारदा, अंकिता उइके, अनीता अजरे, सजनी भलावी, बबली उइके को सम्मानित किया गया।