- Hindi News
- विद्युत लोको शेड में समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन
विद्युत लोको शेड में समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन
इटारसी. वेस्टसेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के पदाधिकारियों ने विद्युत लोको शेड में व्याप्त समस्याओं को लेकर वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि चार माह बीत जाने के बाद भी विद्युत लाेको शेड में स्ट्रक्चरिंग का लागू नहीं हो पाया है। जबकि पूरे भोपाल मंडल के सभी विभागों में लगभग 75 प्रतिशत लागू हो चुका है। शेड में अतिरिक्त लोको के लिये स्टाफ की स्वीकृति हेतु 194 पदों का प्रस्ताव काफी समय से मुख्यालय में लंबित है। 120 लोको के स्टाफ से 183 लोको का मेंटनेंस कराया जा रहा है। कर्मचारियों एवं सुपरवाइजरों पर बेवजह चार्जशीट देकर दबाव डालना बंद किया जाये। वर्तमान में विद्युत लोको शेड के स्टाफ द्वारा ही मेमू मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन द्वारा मेमूू मरम्मत के कार्य हेतु आज तक एक भी स्टाफ की स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है। शेड में कर्मचारियों को लोको कार्य हेतु दिये जाने वाले जूट (काटन वेस्ट) गुणवत्ता ठीक नहीं है। मिटटी का तेल कम दिया जा रहा है। सहायक महामंत्री अरूण मालवीया ने बताया कि इस सभी समस्याओं के निदान हेतु यूनियन पिछले कई दिनों से प्रयासरत है परंतु सुस्त प्रशासन द्वारा अभी तक इसे गंभीरता से नहीं लिया गया है। जल्द ही इन समस्याओं का हल नहीं किया तो यूनियन आंदोलन हेतु बाध्य रहेगी। यूनियन 15 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेगी जिसके तहत रोजाना नारेबाजी, प्रदर्शन, गेट मीटिंग धरना रैली, एवं भूख हड़ताल की जायेगी।