मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतरे
इटारसी| रेलवेजंक्शन स्थित बुकिंग कार्यालय के पीछे संटिंग के दौरान एक मालगाड़ी के दो पहिए पटरी से उतर गए। जिसे रेलकर्मियों द्वारा एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद पटरी पर चढ़ाया जा सका। घटना मंगलवार सुबह 5.40 बजे की बताई जा रही है जब मालगाड़ी ट्रैक पर संटिंग मालवाहक ट्रेन को निकाला जा रहा था। तभी दक्षिण मध्य रेलवे के 3192-1453 लिखे खाली बोगी के दो पहिए पटरी से उतर गए। हालांकि जिस ट्रैक पर पहिए उतरे थे उन ट्रैक का उपयोग केवल मालगाड़ियों को खड़ा करने के लिए किया जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही करीब 50 सदस्यीय दल के सदस्यों ने रेल तकनीकी अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 7 बजे दोनों उतरे मालगाड़ी के पहियों को पटरी पर चढ़ाया गया। रेल प्रशासन ने घटना के जांच के आदेश दिए हैं हालांकि घटना को लेकर कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
उल्लेखनीय है कि इसी ट्रैक पर 23 अप्रैल 2014 की शाम को अडानी ग्रुप की एक मालगाड़ी के पहिए बेपटरी हो गए थे। जिसमें 150 मीटर तक का ट्रैक खराब हो गया था।