- Hindi News
- ठेकेदार ने काटा पेड़, अभाविप ने रोक दिया रास्ता
ठेकेदार ने काटा पेड़, अभाविप ने रोक दिया रास्ता
इटारसी. पेड़ काटने का विरोध में बंद िकया मार्ग। वहीं कार्यकर्ताओं को समझाइश देती पुलिस।
नगर संवाददाता. इटारसी
शहर के बस स्टेंड पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान नाली निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा शनिवार शाम को पीपल का पेड़ काटे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। मामले को लेकर विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल कार्यकर्ता शिकायत करने थाने पहुंच गये। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बस स्टेंड रोड पर पेड़ की काटी हुई डालियां और नाली निर्माण की जालियां बिछाकर ट्रैफिक रोक दिया। लगभग 20 मिनट तक ट्रैफिक ठप रहा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और कार्यकर्ताओं को शांत करके ट्रैफिक शुरू करवाया। हालांकि पेड़ पूरी तरह से कटा नहीं है। विहिप के संजय सोनिया और दीपक मालोदे ने बताया कि शनिवार को नगर पालिका इटारसी के कहने पर ठेकेदार द्वारा जेसीबी और मजदूर के माध्यम से करीब 40 साल पुराना पीपल का पेड़ काटा जा रहा था। जब संगठन के लोगों ने पूछा तो वहां पेड़ काट रहे लोगों के पास अनुमति को लेकर कोई आदेश नहीं था। वहीं विद्यार्थी परिषद के सतीश नागले का कहना था कि उन्होंने इसकी सूचना कलेक्टर और एसडीएम को दी थी। किसी भी सूरत में यह पेड़ काटने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद इन्होंने एसडीओपी को ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर और जेसीबी जब्त करने के लिए ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद आगे उग्र प्रदर्शन करेगी।
वहीं पूरे मामले को लेकर एसडीओपी मंगल सिंह ठाकरे का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में ठेकेदार ने यह पेड़ काटना शुरू किया। यदि उसके पास पेड़ को काटने की अनुमति नहीं है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्टैण्ड परिसर में लगा था पीपल का पेड़, निर्माण कार्य के चलते काटने का आरोप
विरोध प्रदर्शन