- Hindi News
- दोपहिया के लिए 7, फाेरव्हीलर के लिए 3 पार्किंग जोन बनेंगी
दोपहिया के लिए 7, फाेरव्हीलर के लिए 3 पार्किंग जोन बनेंगी
शहरमें सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित तरीकों से खड़े वाहनों की कतार से लगने वाले जाम से अब छुटकारा मिलने की उम्मीद है। दरअसल नपा इन दिनों शहर में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग जोन बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने में लगी हुई है। शहर के मुख्य बाजार में वाहनों की कोई भी पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित तरीकों से खड़े कर देते हैं। जिससे संबंधित सड़क से आने-जाने वाले वाहनों को निकलने में काफी दिक्कतें होती है। वहीं बाजार क्षेत्र में फैले अतिक्रमण के कारण भी वाहनों को निकलने में कठिनाइयां होती हैं। सड़क पर अतिक्रमण और फिर उसके दोनों ओर वाहन खासकर बाइक की कतार लगने से सड़क गलियों में बदल जाती है। नपा अधिकारियों की मानें तो विभाग ने शहर में विभिन्न जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे अमल में लाना भी शुरू कर दिया है। योजना के अनुसार सात जगह दो पहिया और तीन जगह चार पहिया वाहनों की पार्किंग की जाएगी। मंगलवार को नपा अमले ने एक पार्किंग के लिए लेआउट डाला तो वहीं एक अन्य टू व्हीलर पार्किंग के लिए बाजार क्षेत्र के आसपास ही जगह की तलाश की।
यह है पार्किंग जोन बनाने की कार्ययोजना
बाजार में भीड़ बढ़ते ही संकरी हो जाती है गलियां
बाजारइलाके में पर्व-त्यौहार के दौरान सड़कें गलियों में बदल जाती हंै। वैसे ही अतिक्रमण के कारण व्यवसायिक गलियों में धीरे-धीरे जगह खत्म होती जा रही है। तो वहीं सीजन के दौरान ग्राहकों को लुभाने के लिए व्यापारी सामान को सड़क पर रख देते हैं। जिनके कारण बाइक भी गलियों से बमुश्किल निकल पाती हंै। इन दिनों जवाहर बाजार एवं पटवा बाजार इलाके की स्थिति यह हो गई है कि इन गलियों में बाइक भी बमुश्किल पहुंच पाती है।
एमजीएम रोड स्थित पुराने बस स्टैण्ड के खाली पड़े मैदान पर टैक्सी स्टैण्ड बनाया जाना प्रस्तावित है। वहीं ओवर ब्रिज के नीचे वाले इलाके में ऑटो रिक्शे को खड़ी करने की व्यवस्था की जाएगी। शहर के अन्य चार पहिया वाहनों के लिए बाजार क्षेत्र के पास ही रेस्ट हाऊस के बाजू में पहले से ही पार्किंग की जा रही है। इसके अलावा ऑडिटोरियम बनना शुरू हो गया है जिसमें अंडर ग्राउंड फाेरव्हीलर पार्किंग की व्यवस्था होगी। वहीं टू-व्हीलर वाहनों की पार्किंग के लिए मंजीत होटल के सामने, पूर्व मंत्री काकू भाई के निवास के सामने और रविशंकर शुक्ल मार्केट में बने पार्किंग जोन में दो पहिया वाहनों की पार्किंग शुरू भी हो गई है। वहीं जल्द ही जैन मंदिर के बाजू में, बुद्धसिंह बिल्डिंग के सामने और नीमबाड़ा में बाइक की पार्किंग शुरू हो जाएगी।
पार्किंग व्यवस्था की कार्ययोजना बनाई
^पार्किंगव्यवस्था शहर की एक बड़ी समस्या है जिसके लिए विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की कार्ययोजना बनाई गई है। अभी सात में से तीन जगहों पर बाइक की पार्किंग शुरू हो गई है। शेष जगह भी पार्किंग जल्द शुरू कर दी जाएगी। अभी फिलहाल यह पार्किंग नि:शुल्क रखी जाएंगी। सुरेशदुबे, सीएमओ नगरपालिका
इसलिए जरूरी है पार्किंग जोन बनना
व्यवसायिकगलियों में धीरे-धीरे जगह खत्म होने का कारण अतिक्रमण और बाजार क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो पाना है। शहर के बाजार में आसपास के ग्रामीण अंचलों के अतिरिक्त जिले से लोग बड़ी संख्या में कपड़े और सोने चांदी के आभूषणों को खरीदने के लिए आते हैं। लेकिन पार्किंग नहीं होने पर लोगों को मजबूरी में सड़क डिवाइडर के किनारों से लगाकर वाहन खड़ा करना पड़ता है। वहीं व्यापारियों द्वारा सड़कों पर किए जा रहे अतिक्रमण के कारण भी सड़क संकरी गलियों में बदल गई है।
मंजीत होटल के सामने हाल ही में बने पार्किंग जोन में खड़ी बाइक।