पुलिस की मौजूदगी में हटाया अतिक्रमण
30पुलिसकर्मी, 18 नपाकर्मी और चार अधिकारियों ने मिलकर सोमवार शाम को पूड़ी लाइन से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इतने बड़े अमले ने अतिक्रमण हटाने के नाम पर पूड़ी लाइन स्थित एक दुकान का फट्टा हटवाया और दो तीन दुकानों के फ्लैक्स बोर्ड जब्त करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान नपा के दो ट्रक भी सामान को भरने के लिए साथ-साथ चल रहे थे। सोमवार शाम 4 बजे एसडीएम राजकुमार खत्री, सीएमओ सुरेश दुबे, टीआई महेंद्र सिंह चौहान, अतिक्रमण विरोधी दस्ता प्रभारी आरके तिवारी सहित अन्य अधिकारी शहर की पूड़ी लाइन में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे। यहां इक्का-दुक्का दुकानों का बोर्ड जब्त किया गया। वहीं होटल संचालकों को अपना सामान दुकान के अंदर रखने की चेतावनी भी दी। हालांकि प्रशासन के लाइन से जाते ही कुछ होटल संचालकों ने वापस अपना सामान गली में फैला दिया था।
मंदिर तोड़ने की अफवाह पर विहिप सदस्य पहुंचे प्रशासनपूड़ी लाइन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर ही रहा था कि इतने में कहीं से अफवाह उड़ गई कि प्रशासन स्टेशन के मंदिर को भी हटाएगा। इसके बाद कुछ ही मिनटों में मंदिर के सामने विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता दर्जनों की संख्या में पहुंच गए। हालांकि एसडीएम ने यह स्पष्ट किया कि उनकी सोमवार की कार्रवाई केवल पूड़ी लाइन के लिए थी। लेकिन उसके बाद भी देर शाम तक विहिप कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मंदिर के आसपास मौजूद रहे।