- Hindi News
- सोनासांवरी की मृत महिला के परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया
सोनासांवरी की मृत महिला के परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया
इटारसी| सोनासांवरीनाके के पास रहने वाले यादव परिवार के सदस्यों को शनिवार को सरकारी अस्पताल एंबुलेंस से लेकर आए और उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। इसी परिवार में 38 वर्षीय महिला सरस्वती बाई की बुधवार को मौत हुई थी, जिसमें स्वाइन फ्लू की आशंका जाहिर की जा रही है। जिसके चलते लंबे समय से सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित परिवार के दो सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।
डॉ. आरपी टिकारिया ने बताया कि शनिवार को परिवार की दो महिलाओं के एक्सरे किए गए। साथ ही खून और खखार की भी जांच की गई, लेकिन दोनों को ही स्वाइन फ्लू नहीं पाया गया। डॉ. टिकारिया ने बताया कि दोनों महिलाओं को एक अन्य इंफेक्शन है, जिसके कारण उन्हें बुखार आया था। वर्तमान में मौसम परिवर्तन के कारण सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन 80 से 90 तक सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज रहे हैं। विभाग ने लंबे समय तक सर्दी, खांसी या अन्य किसी इंफेक्शन के लक्षण है तो तत्काल ही सरकारी अस्पताल में आकर खून और खखार की जांच कराने को कहा है। डॉ. टिकारिया ने बताया कि स्वाइन फ्लू के लक्षण, बचाव और उसकी रोकथाम के प्रति जागरूकता को लेकर शहर के विभिन्न वार्डों में रैलियां निकाली जा रही है।