- Hindi News
- स्कूल बंद कराने निकले कार्यकर्ता, तोड़े नियम
स्कूल बंद कराने निकले कार्यकर्ता, तोड़े नियम
विद्यार्थीपरिषद द्वारा निजी प्रकाशकों की किताबों को चलाने के विरोध में बंद का आव्हान किया गया था। अपने आपको अनुशासित और संस्कारवान छात्र संगठन बताने वाले अखिल विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का तौर तरीका और रवैया देखकर लोग भी हैरत में थे। उन्होंने नियम तोड़े, जिम्मेदार अधिकारियों के आदेश की अव्हेलना की और इसके बाद भी प्रशासनिक मशीनरी खामोशी से सब देखती रही।
कार्यकर्ताओं ने जबरदस्ती बंद करवाए स्कूल
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अपने घोषित बंद में जबरदस्ती स्कूल बंद करवाए। संचालकों की यह भी नहीं सुनी कि अभी छुटटी कर देंगे तो बच्चे घर कैसे जायेंगे क्योंकि अभिभावक बच्चों को लेने नहीं आए हंै। जबकि शुक्रवार को कमिश्नर, कलेक्टर और विधानसभा अध्यक्ष ने संचालकों को भरोसा दिया था कि स्कूल खुला रखो कोई बंद नहीं कराएगा। इसके बाद भी यहां स्कूल बंद करवाए गए।
एक बाइक पर तीन-तीन निकले
स्कूलोंको बंद कराने के लिए एबीवीपी के कार्यकर्ता पूरे शहर में घूमे। जहां उन्हें स्कूल खुला दिखा वहां बंद कराया। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों को तोड़ा। एक बाइक पर तीन-तीन लोग सवार थे। ट्रेफिक अमले के सामने से गुजरे। अमला दूसरों का चालान बनाने में व्यस्त रहा जबकि इनकी ओर नजर उठाकर भी देखना उचित नहीं समझा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपना शक्ति प्रदर्शन करने के लिए झुंड में चल रहे थे। उनके साथ पुलिस का वाहन चल रहा था। उन्होंने हर स्कूल के सामने जाकर नारेबाजी की। हालत यह थी कि ऑटो में 15 कार्यकर्ता सवार होकर चल रहे थे। कुछ तो गेट के बाहर लटक रहे थे।
पुलिस देख रही थी लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोक नहीं रही थी।
एक ही ऑटो में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता सवार होकर निकले।