ईवीएम में वोट डले 734, निकले 737
वार्डक्रमांक 15 में ईवीएम को लेकर यह शिकायत सामने आई है कि मतदान के दिन दो दिसंबर को मशीन में वोट 734 डले और मतगणना के दिन 7 दिसंबर को इस मशीन में 737 वोट उगले। तीन वोट को लेकर कई तरह की शंकाएं शिकायतकर्ताओं ने जाहिर की है। ईवीएम में इस तरह की गड़बड़ी को लेकर आपत्तियों को भी दरकिनार कर परिणाम घोषित किए जाने पर प्रत्याशियों द्वारा चुनाव में फर्जीवाड़े का भी आरोप लगाया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 15 से प्रत्याशी सीमा पांडे ने रविवार को मतगणना के समय जो आपत्ति लगाई थी उसमें उन्होंने बताया था कि बूथ क्रमांक 37 की ईवीएम में 734 वोट डले। मतदान के बाद उन्हें जो निर्वाचन द्वारा रसीद दी गई थी उसमें 734 का ही उल्लेख है। मतगणना के बाद जो रसीद दी है उसमें इस मशीन से 737 वोट बताए जा रहे हैं। वहीं इसी मशीन से अनफिनिश्ड वोट 1535 बताए जा रहे हैं जो संभव नहीं हैं। उन्होंने ईवीएम से वोटिंग में फर्जीवाड़े आशंका जाहिर की है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 2 से प्रत्याशी मुकेश आर्य सहित कुछ अन्य प्रत्याशियों ने भी ईवीएम को लेकर यही आपत्तियां लगाई थीं।