- Hindi News
- कपड़े की गठानें, जेवर और मोबाइल किया बरामद
कपड़े की गठानें, जेवर और मोबाइल किया बरामद
जावरा/ढोढर| रिमांडपर लिए कंजरों में से तीन आरोपियों की निशानदेही पर ढोढर चौकी पुलिस ने गुरुवार रात उकेड़िया, राजाखेड़ी कंजर डेरों से कपड़े की गठानें, जेवर और एक मोबाइल बरामद किया।
चौकी प्रभारी डी.एल. सोलंकी ने बताया बस डकैती की साजिश करते पकड़ाए भेरू उर्फ भेरूलाल कंजर (28) नि. राजाखेड़ी की निशानदेही पर 60 हजार कीमत की कपड़ें की तीन गठानें, लटुरिया कंजर (30), अनिल कंजर (25) नि. उकेड़िया की निशानदेही पर ढाई हजार कीमत की चांदी की बिछुड़ियां, अंगूठी तथा एक मोबाइल जब्त किया। सोलंकी, प्रधान आरक्षक पवन यादव एवं आरक्षक ब्रजेंद्र सिंह उर्फ पप्पू मेजर की टीम ने गुरुवार रात 10 बजे सामान बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी में पता चला बरामद मोबाइल 1 अगस्त की रात पेट्रोल पंप के सामने पंचायत सचिव बाबूलाल प्रजापत निवासी ढोढर से लूटा गया था। हालांकि पहले पुलिस ने पंचायत सचिव के साथ लूट को सही नहीं माना था। चूंकि मोबाइल जब्त हो गया है तो पुलिस इसे स्वीकार रही है। आरोपी 14 दिसंबर तक रिमांड पर हैं।