पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दादी से गाली गलौज की थी इसलिए पोते ने कर दी हत्या

दादी से गाली-गलौज की थी इसलिए पोते ने कर दी हत्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर | रतलाम/जावरा

उपलईमें युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने पांच दिन में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। युवक ने आरोपी की दादी से गाली-गलौज की थी इसलिए उसने युवक के सिर पर लकड़ी मारकर हत्या की थी। एसपी ने टीम को पांच हजार रुपए देने की घोषणा की।

एसपी डॉ. आशीष ने बताया उपलई निवासी दिनेश पिता नरसिंह धाकड़ (28) 4 दिसंबर 14 की रात खेत पर सिंचाई करने गया था। उसका शव 5 दिसंबर को खेत में औंधे मुंह मिला था। उसकी खाट और बिस्तर गायब थे। सिर से खून निकल रहा था। दिनेश की हत्या के आरोप में पुलिस ने जगदीश पिता नानूराम बागरी (25) नि. ऊनखेड़ी को गिरफ्तार कर उसके घर से खाट और बिस्तर जब्त किए। न्यायिक दंडाधिकारी अतुल सक्सेना ने आरोपी को 11 दिसंबर तक रिमांड पर सौंपा है। जगदीश ने पुलिस को बताया बकरी चराने की बात पर दिनेश अक्सर विवाद करता था। वारदात के तीन दिन पहले खेत से घास और पत्ती (पाला) काटने की बात पर दिनेश ने उसकी दादी सूरजबाई से गाली-गलौज की थी और पाला छीन कर भगा दिया था। इससे नाराज जगदीश ने 4 दिसंबर की रात करीब 9.15 बजे खेत पर सो रहे दिनेश के सिर पर खाट की लकड़ी की पाटी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद खाट पलटकर दिनेश को नीचे डाला और घर में खाट बिस्तर छिपा दिए।

इन्हें मिला इनाम

एसडीओपी ने बताया अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में टीआई अनिल यादव, एसआई पी.आर. डाबरे, एएसआई जी.एस.कुशवाह, एम.एस. कुशवाह, पी.एस. राणावत, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश यादव, किशनलाल, रजक, आरक्षक दिनेश तोमर, हेमंत पुरोहित, घनश्याम नागर, बनवारी, दीपक भूरिया, अजहर का सहयोग रहा।

असामान्य व्यवहार पर हुआ शक

एसडीओपीके.के. व्यास ने बताया दिनेश के खेत से थोड़ा आगे जगदीश के परिवार का खेत है। अंधे कत्ल की जांच में परिजन सहित कई लोगों से पूछताछ की। घटना के बाद से जगदीश का असामान्य व्यवहार देखकर उस पर नजर रखी। जगदीश गांव ऊनखेड़ी में ही था। दो-तीन दिन लगातार असामान्य व्यवहार और घबराहट देखकर उससे पूछताछ की। शुरुआत में उसने इनकार किया। सख्ती बरतने पर अपने घर ले जाकर खाट और बिस्तर जब्त करवाए।

मृतक िदनेश धाकड़

आरोपी जगदीश