- Hindi News
- कार्यकर्ताओं पुलिस में विवाद, ट्रक में तोड़फोड़
कार्यकर्ताओं पुलिस में विवाद, ट्रक में तोड़फोड़
फोरलेनपर गुरुवार रात मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ने गए विहिप बजरंग दल कार्यकर्ताओं का पुलिस से विवाद हो गया। उन्होंने पुलिस पर एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान कुछ लोगों ने ट्रक में तोड़-फोड़ भी कर दी। सिटी टीआई की समझाइश पर मामला शांत हुआ।
विहिप कार्यकर्ता पवन भावसार, धर्मेंद्रसिंह सिसौदिया, पंकज साईंवाल, नागेश साेलंकी, सुनील सोमानी, शिवेंद्र माथुर सहित अन्य कार्यकर्ताओं को गुरुवार रात 10 बजे सूचना मिली कि मंदसौर तरफ से एक ट्रक में मवेशियों को भरकर वध के लिए रतलाम तरफ ले जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने बटालियन के सामने फोरलेन पर ट्रक रुकवाया। वे चालक से पूछताछ कर ही रहे थे कि इसी बीच सिविल ड्रेस में कुछ पुलिसकर्मी वहां आए और कार्यकर्ताओं ट्रक चालक के बीच हो रही बातचीत का वीडियाेे बनाने लगे। पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं पर चालक के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही। इससे कार्यकर्ता भड़क गए और विवाद बढ़ गया। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने विहिप कार्यकर्ता प्रकाश माली को चांटा जड़ दिया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने ट्रक में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। सिटी टीआई अजय सारवान बल के साथ पहुंचे और कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि ट्रक चालक समेत मवेशियों को ले जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उसके बाद कार्यकर्ता शांत हो गए। टीआई ने बताया मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तब तक कार्यकर्ता हंगामा कर रहे थे। उन्हें समझाइश दी और चालक को हिरासत में लिया। मारपीट का आरोप गलत है। सिसौदिया ने बताया सिविल ड्रेस में आए एसपी स्क्वॉड के पुलिसकर्मियों ने नशे में कार्यकर्ताओं से विवाद किया। शुक्रवार सुबह एसपी से शिकायत करेंगे। एसपी डॉ. जी.के. पाठक ने बताया स्क्वाॅड पर लगाए आरोप गलत हैं। खुद कार्रवाई करने की बजाय टीआई को सूचना देनी चाहिए थी।
फोरलेन पर गुस्साए कार्यकर्ताओं से चर्चा करते टीआई अजय सारवान।