- Hindi News
- बंटवारे के पैसे पूरे लिए, काम अधूरा किया
बंटवारे के पैसे पूरे लिए, काम अधूरा किया
तीन भाइयों ने लुहारी के तत्कालीन पटवारी की शिकायत एसडीएम कार्यालय में की। आवेदकों ने आरोप लगाया तत्कालीन पटवारी ने बंटवारे के लिए रिश्वत के रुपए तो पूरे लिए लेकिन काम अधूरा किया। इससे विवाद की स्थिति बन रही है।
आवेदक तुलसीराम पिता शांतिलाल धोबी निवासी लुहारी ने बताया गांव में हम तीन भाइयों के बीच 18 बीघा से ज्यादा जमीन है। 27 अप्रैल को मैंने, भाई शंकरलाल सोहनलाल ने बंटवारा करवाया। इसमें 6-6 बीघा की पावती बनाकर दे दी गई। पंजी में भी बंटवारे की जानकारी दर्ज है। इस दौरान तत्कालीन पटवारी प्रभु जॉन ने काम को जल्दी करवाने के नाम पर 36 हजार रुपए रिश्वत ली। इसमें एक रुपया कम नहीं किया और जब पावती मिली तो रिकाॅर्ड जांचने पर मालूम हुआ कि पटवारी ने नक्शे में बंटवारा किया ही नहीं। नक्शे में बटा नंबर नहीं डालने से अब विवाद की स्थिति बन रही है। पटवारी का तो तबादला हो गया लेकिन फोन पर उनसे नक्शे में सुधार करवाने की बात कही तो बोला तुमसे हो जो कर लो, मैं सुधार नहीं करूंगा।
हमने तहसील कार्यालय में भी नक्शा सुधार का आवेदन दिया लेकिन यहां भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। जांच कर पूर्व पटवारी द्वारा लिए रुपए वापस दिलाएं और नक्शे में जरूरी सुधार करें। तहसीलदार अनिल भाना ने बताया यदि ऐसी शिकायत हुई है तो जांच करेंगे। इसके बाद नक्शे में भी सुधार करेंगे। पटवारी से संपर्क करना चाहा लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।