सरकार की सदबुद्धि के लिए किया यज्ञ
रतलाम | मनरेगा संविदा अधिकारी, कर्मचारी एवं रोजगार सहायकों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को नियमितीकरण की मांग एवं शासन द्वारा लागू नवीन संविदा नीति को समाप्त करने के लिए सरकार की सदबुद्धि के लिए धरना स्थल अांबेडकर सर्कल पर यज्ञ किया। यज्ञ से पहले धरना स्थल पर हनुमान चालीसा का भी पाठ किया। हड़ताल के चलते जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों का कामकाज ठप रहा। वरिष्ठ कर्मचारी नेता श्याम टेकवानी, मप्र राज्य कर्मचारी संघ के संभागीय उपाध्यक्ष, नवलसिंह, मप्र तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ से शरद शुक्ला, सचिव संघ से दिलीपसिंह सिसौदिया, जगदीश गुजराती, विनय चौैहान ने संविदा कर्मचारियों द्वारा की जा रही मांगों को जायज बताया। यज्ञ में पिपलौदा जनपद से लेखापाल, राकेश यादव, मुकुंद भट्ट, जावरा जनपद से निर्भयसिंह पाटीदार, जनपद पंचायत रतलाम से मोहन चौैहान, अनिल सोनी, दिनेश मोरवाल, श्रीकांत वैष्णव उपस्थित थे।
पिपलौदा | पंचायत एवं ग्रामीण विकास के मनरेगा संविदा कर्मचारियों, अधिकारी व ग्राम रोजगार सहायकों ने हड़ताल के तीसरे दिन बुधवार को सदबुद्धि महायज्ञ किया। इसमें ईश्वर से शासन को सदबुद्धि देने की प्रार्थना की। हड़ताल से जनपद का कामकाज प्रभावित रहा।