जावरा थाने पर नारेबाजी, चौपाटी पर पथराव, फोरलेन पर चक्काजाम
अयाना में ओवरटेक करते समय दो कारों में लगी मामूली रगड़ से उपजे विवाद ने शुक्रवार को जावरा में तनाव की स्थिति अख्तियार कर ली। पहले बस संचालक के रिश्तेदार व साथियों ने भाजपा नेता के भतीजे और विहिप के जिलाध्यक्ष को पीटा और कार, रुपए और चेन छीनकर भाग गए। इससे गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने थाने पर नारेबाजी की, फिर चौपाटी पर खड़ी बसों पर पत्थर भी फेंके। पुलिस ने भगाया तो फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। इससे बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
विवाद की शुरुआत अयाना से ही हो गई थी। पुलिस के अनुसार भाजपा नेता भेरूलाल व दीनदयाल पाटीदार के भतीजे बजरंग दल के पिपलौदा प्रखंड संयोजक पवन पाटीदार, विहिप जिलाध्यक्ष मधुसूदन पाटीदार ग्रामीण क्षेत्र से सदस्यता अभियान व धर्म रक्षा निधि की राशि एकत्र कर शुक्रवार दोपहर कार से जावरा लौट रहे थे। अयाना के पास पीछे से आई कार साइड से रगड़ते हुए आगे निकल गई। कार मीनाक्षी बस संचालक का रिश्तेदार अज्जू पिता मंजूर निवासी उमटपालिया चला रहा था। पवन ने गाड़ी देखकर चलाने का कहा तो अज्जू व इकरार पिता बाबू खां निवासी बोरदा ने विवाद किया। आगे निकलकर अज्जू ने अपने साथियों को कॉल किया। इससे उमटपालिया से दो बाइक पर चार युवक और आ गए। उन्होंने 3.15 बजे भगतसिंह कालेज के सामने ओवरटेक कर पवन व मधुसूदन पाटीदार को रोका और मारपीट शुरू कर दी। वे पवन की कार, सोने की चेन और 10 हजार रुपए छीनकर भाग गए। जानकारी मिलने पर पाटीदार के समर्थक और विहिप कार्यकर्ता घटनास्थल पर जमा हो गए। यहां से नारेबाजी करते हुए सिटी थाने पहुंचे। इसके बाद चौपाटी बस स्टैंड पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने आरोपी संचालक की बसों पर पत्थर भी बरसाए। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ खदेड़ने के लिए डंडे फटकारे। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बस स्टैंड की दुकानें भी बंद करवा दी। बस स्टैंड से भगाने पर आक्रोशित भीड़ फोरलेन पहुंची और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं थी। सीएसपी दीपक शुक्ला और थाना प्रभारी संजय पाठक ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम खत्म किया।
डकैती का प्रकरण दर्ज
विवाद के बाद उपजी तनाव की स्थित को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। एसपी अविनाश शर्मा ने बताया मारपीट कर कार छीनने वाले 6 आरोपियों के खिलाफ डकैती की धारा में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी अज्जू और इकरार को हिरासत में लिया है। चक्काजाम करने के आरोप में दूसरे पक्ष के लोगों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। शहर में तनाव जैसी कोई बात नहीं है।
चक्काजाम के दौरान युवकों को समझाते पुलिसकर्मी।