पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लहसुन चोरी, मंडी में डेढ़ घंटे नीलामी बंद

लहसुन चोरी, मंडी में डेढ़ घंटे नीलामी बंद

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कृषि उपज मंडी से गुरुवार रात एक किसान का दो बोरी लहसुन चोरी हो गया। इससे नाराज किसानों ने शुक्रवार सुबह मंडी कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान डेढ़ घंटे नीलामी बंद रही। मंडी निरीक्षक के आश्वासन के बाद नीलामी शुरू हो पाई।

मंडी में लहसुन की बंपर आवक हो रही है। इसी के चलते किसानों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। मंडी प्रांगण में किसानों ने उपज के ढेर लगा रखे हैं। कुम्हारीपुरा निवासी गणेश पिता हीरालाल ने बताया बुधवार को मंडी प्रांगण में नीलामी के लिए लहसुन का ढेर लगाया था। नीलाम नहीं होने के कारण उपज मंडी प्रांगण में ही रखी थी। शुक्रवार सुबह जब लहसुन अड्डे पर आकर देखा तो दो बाेरी लहसुन चोरी हो चुका था। इस पर किसान मंडी कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। जवाबदारों के नहीं आने पर आक्रोश जताया। गणेश ने चोरी की रिपोर्ट शहर थाने में की। सूचना पर पुलिस पहुंची। किसानों का कहना था पहले भी उपज चोरी हुई है। किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ हम्मालों को मंडी ने ब्लैक लिस्टेड किया था, उन्होंने ही चोरी की होगी। मंडी में जो हम्माल हैं। उन्हें मंडी द्वारा कार्ड जारी नहीं किए गए। बिना कार्ड वाले हम्मालों की एंट्री मंडी प्रांगण में नहीं होने दी जाए। मंडी निरीक्षक जगदीश ओझा से किसानों ने चर्चा की। किसानों ने सुरक्षा पर सवाल उठाए। ओझा ने कहा सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को चर्चा की जाएगी। किसानों ने कहा यदि सोमवार तक मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो हड़ताल की जाएगी।

मंडी कार्यालय में पुलिस को समस्या बताते किसान।

मंडी निरीक्षक को पत्र सौंपा
किसानों ने विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर मंडी सचिव के नाम पत्र मंडी निरीक्षक जगदीश ओझा को सौंपा। इसमें मंडी में कार्यकर्ता कर्मचारियों को बेच व ड्रेस दिए जाने, खेरची व्यापारियों की एंट्री मंडी में बंद किए जाने, माल का पक्का बिल दिए जाने, शाम से रात तक मंडी इंस्पेक्टर की डयूटी लगाए जाने आदि मांगों के निराकरण की मांग की। शिवनारायण धाकड़, रमेश धाकड़, रवि धाकड़, रमेश धाकड़, प्रकाशचंद्र, सुधीर धाकड़, सत्यनारायण धाकड़, किशनलाल, देवीलाल, रतनलाल, राकेश नागर, रवि सालित्रा, मनीष धाकड़ आदि मौजूद थे।

लहसुन चोरी होने के बाद मंडी कार्यालय के बाहर एकत्र आक्रोशित किसान।

खबरें और भी हैं...