कलेक्टर ने बस चैक की, गड़बड़ी मिली तो आरटीओ को बुलाकर जब्त करवाई
दलालों ने निकाला बचाव का
रास्ता, ऑटो डीलर्स के एजेंट बने
आरटीओ कार्यालय को दलालों से मुक्त करने के कलेक्टर बी. चंद्रशेखर के निर्देश के बावजूद आरटीओ कार्यालय में दलालों का दबदबा बना हुआ है। कलेक्टर की सख्ती के बाद बचाव के लिए दलालों ने नया रास्ता निकाल लिया है। आरटीओ कार्यालय में सक्रिय एजेंट्स ने कार्यालय में बने रहने के लिए ऑटो डीलर्स का सहारा लिया है। ऑटो डीलर्स को शासन के तय नियमों के तहत अपने यहां से विक्रीत होने वाले प्रत्येक वाहन का रजिस्ट्रेशन, बीमा आदि कराकर देना अनिवार्य है। आरटीओ में सक्रिय दलालों को ऑटो डीलर्स ने अपनी ओर से पत्र लिखकर दे दिए हैं कि उक्त व्यक्ति हमारी एजेंसी की ओर से वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए अधिकृत हैं। डीलर्स के इस तरह के पत्र आरटीओ विवेक दाते के पास सुरक्षित रखे हुए हैं। इन पत्रों की आड़ लेकर आरटीओ कार्यालय में दलालों की एंट्री पहले से भी ज्यादा आसान हो गई है। इस मामले में आरटीओ विवेक दाते से सवाल-जवाब किए गए तो उन्होंने बात करने से ही इंकार कर दिया।
भास्कर संवाददाता | रतलाम
लेबड़-जावरा फोरलेन पर इप्का फैक्टरी के पास से कलेक्टर बी. चंद्रशेखर ने गुरुवार दोपहर एक बस के खिलाफ कार्रवाई की। कलेक्टर ने आरटीओ विवेक दाते को मौके पर बुलाया और बस को जब्त करवाया। साथ ही हिदायत दी कि जिले में यदि कोई भी बस नियम विरुद्ध संचालित होते पाई गई तो जवाब आपसे ही लिया जाएगा।
वाकया दोपहर करीब 12 बजे का है। कलेक्टर रतलाम से आलोट विकासखंड में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फोरलेन से गुजर रहे थे। इप्का फैक्टरी के नजदीक फोरलेन पर एक साइड पर सड़क सुधार कार्य चल रहा है। इसी साइड पर बिजली के तार डालने का काम भी हो रहा था। इस कारण जाम लग गया। कलेक्टर उधर से गुजरे तो जाम देख पुलिस अधिकारियों से बात की, नामली थाने से बल पहुंचा और जाम खुलवाया। इसी बीच एक बस पर कलेक्टर की नजर पड़ गई। कलेक्टर ने बस रुकवाई। देखा तो बस ड्राइवर व कंडक्टर ने वर्दी नहीं पहन रखी थी। बस में समय सारणी भी चस्पा नहीं थी। यात्रियों को टिकट नहीं दिए गए थे और कंडक्टर के पास लाइसेंस भी नहीं था। सिसौदिया ट्रेवल्स की यह बस इंदौर से मंदसौर के बीच संचालित होती है। कलेक्टर ने आरटीओ विवेक दाते को फोन किया और मौके पर बुलाया। आरटीओ पहुंचे और बस को जब्त कर लिया, इस बस को पुलिस लाइन भेज दिया गया। बस की सवारियों जो साधन मिला, उससे जाना पड़ा।
सख्त निर्णय लिए जाएंगे
बसों पर नियमों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मैंने खुद भी ऐसी ही एक बस को चैक किया था। उसे जब्त कर लिया है। आरटीओ में दलाली को लेकर जल्द ही सख्त निर्णय लिए जाएंगे। बी. चंद्रशेखर, कलेक्टर