जर्जर मार्ग से लोग परेशान, जिम्मेदार बेपरवाह
रियावन-भाखरखेड़ी मार्ग जर्जर हो गया है। लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत भाखरखेड़ी से सुखेड़ा तक का मार्ग बन चुका है। शेष 3 किमी की सड़क ऊबड़-खाबड़ होकर गिट्टी उखड़ गई है। लोगों ने सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय को पत्र लिखा है। ग्राम पंचायत भाखरखेड़ी के सरपंच प्रतिनिधि ने बताया रियावन-भाखरखेड़ी मार्ग को प्रधानमंत्री सड़क योजना से जाेड़ने के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर स्वीकृति के लिए जनपद व जिला कार्यालय को भेजा है। स्वीकृति मिलते ही कार्य किया जाएगा। सांसद गुप्ता ने बताया प्रस्ताव प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सड़क बनाने को लेकर सर्वे के लिए पत्र जिला कार्यालय को लिखा है। विधायक डॉ. पांडेय ने बताया सड़क को मुख्यमंत्री सड़क योजना से जोड़ने के लिए शासन स्तर पर प्रयास जारी हैं। जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश धाकड़ ने बताया मार्ग निर्माण के लिए जनपद स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
टू लेन पर नहीं लगे संकेतक
संकेतक के अभाव में हादसों का भय
ताल | जावरा-आगर टू लेन पर सुरक्षा की दृष्टि से स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं। नगर के अधिकांश हिस्सों व चौराहों पर स्पीड ब्रेकर नहीं लगे। वहीं संकेतक के अभाव में हादसे होने का अंदेशा बना हुआ है। स्पीड ब्रेकर नहीं होने से वाहनों की गति पर नियंत्रण नहीं रहता है। ट्रक चालक फारुख भाई, जगदीशचंद्र ने बताया चौराहों पर संकेतक नहीं होने पर वाहन को रोकने में परेशानी होती है। ऐसे में स्पीड ब्रेकर भी नहीं है। सामने से वाहन को आते देख अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। इससे संतुलन बिगड़ने का डर बना रहता है।