अवैध रूप से रखी 20 डंपर से ज्यादा रेत जब्त
एक बार फिर एसडीएम ने अवैध रेत खनन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम की टीम ने चार स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। जहां से अवैध तरीके से भंडारण करके रखी 20 डंपर रेत जब्त की, और करीब 100 डंपर रेत जब्त कर सुपुर्दगी में दी।
एसडीएम अनूपकुमार सिंह को शनिवार को सूचना मिली कि नयापुरा, इस्लामनगर, बानीखेड़ी व खीमाखेड़ी में अवैध तरीके से रेत का भंडारण किया हुआ है। इसे लेकर शनिवार को सुबह एसडीएम अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में पटवारियों का दल ने पहुंचकर रेत के ढेर को जब्त करने की कार्रवाई की गई। जो देररात तक जारी रही। दल ने जेसीबी व डंपर की मदद से 20 डंपर जब्त रेत को रेस्ट हाउस के पास खाली करवाया। रेत किसकी है इसका पता नहीं चल पाया। दल में पटवारी प्रवीण जैन, जितेंद्र अवस्थी, नवीन शर्मा, राधेश्याम गहरवाल, गोपाल रावल शामिल थे। अवैध रेत भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विज्ञप्ति जारी कर रेत की नीलामी की जाएगी। अवैध रेत उत्खनन करने वालों पर पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है।