पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मनकामेश्वर महादेव मंदिर बनकर हुआ तैयार, शिवरात्रि को होगी मूर्ति स्थापना

मनकामेश्वर महादेव मंदिर बनकर हुआ तैयार, शिवरात्रि को होगी मूर्ति स्थापना

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जनसहयोग से 2 करोड़ रुपए से बनाया गया है भव्य शिव मंदिर

भास्कर संवाददाता|जौरा

अलापुर में ऊं श्रीमनकामेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। बताया गया है कि आगामी सात मार्च को शिवरात्रि के पर्व पर शिव परिवार की स्थापना कराई जाएगी। वर्तमान में इस आयोजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर चल रहीं हैं। राजस्थान से आए विख्यात कारीगरों ने दिन रात मेहनत कर इस मंदिर को भव्यता प्रदान की है। इस मंदिर में शिव परिवार के अलावा अन्य भगवान की मूर्तियां भी स्थापित कराई जा रहीं हैं।

यहां बता दें कि तीन साल पहले नगर के कुछ लोगों ने अलापुर महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार करने का बीड़ा उठाया था। धीरे-धीरे लोग इस कार्य में जुड़ते गए। जिसने आगे चलकर ऊं श्री मंशापूर्ण मनकामेश्वर महादेव मंदिर परमार्थ ट्रस्ट का रूप ले लिया। इसके बाद मंदिर निर्माण के लिए एक लाख रुपए की धनराशि देने वाले व्यक्ति को ट्रस्टी बनाया गया। इस मंदिर का निर्माण करने हर वर्ग के लोगों ने राशि के रूप में सहयोग प्रदान किया है। जनसहयोग के जरिए अब तक इस ट्रस्ट को दो करोड़ की राशि दानस्वरूप प्राप्त हो चुकी है।

यह मूर्तियां भी स्थापित कराई जाएंगी मंदिर में

ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने बताया कि इस मंदिर परिसर में शिव परिवार के अलावा राम दरबार, हनुमानजी का मंदिर, कृष्ण मंदिर, नवग्रह मंदिर, चित्रगुप्त मंदिर, सांई मंदिर की भव्य मूर्तियां स्थापित कराई जा रहीं हैं। इन मूर्तियों का निर्माण जयपुर के कारीगर कर रहे हैं। इन मूर्तियों पर ट्रस्ट द्वारा पंद्रह लाख रुपए की राशि व्यय की गई है।

अलापुर में जन सहयोग से एकत्रित किए 2 करोड़ से बनाया गया शिव मंदिर।

होंगी धार्मिक गतिविधियां
महादेव मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन के लिए एक बड़ा हॉल बनवाया गया है। जहां एक साथ सैकड़ों लोग बैठ सकते हैं। हवन आदि के लिए यज्ञ शाला एवं भोजन व्यवस्था के लिए अलग से रसोई का निर्माण कराया गया है। वहीं ट्रस्ट द्वारा पानी व सफाई व्यवस्था के ठोस इंतजाम किए गए हैं।

यह कार्य भी करेगा ट्रस्ट
ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने बताया कि महादेव मंदिर परिसर में आगामी दिनों में वृद्धाश्रम, गौशाला, अस्पताल, स्कूल निर्माण कराने की योजना है। बेसहाय वृद्धों को रहने का ठिकाना उपलब्ध कराना, गायों का सरंक्षण एवं गरीब बच्चों को शिक्षा दिलाना ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य है।

खबरें और भी हैं...