- Hindi News
- एक्सीडेंट में हुई मौत, पैसों के चक्कर में रिश्तेदार के घर रख दी लाश
एक्सीडेंट में हुई मौत, पैसों के चक्कर में रिश्तेदार के घर रख दी लाश
पुलिस ने शव का अपमान करने और रुपयों की मांग पर 8 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया
भास्करसंवाददाता | झाबुआ
सड़कदुर्घटनामें एक ग्रामीण की मौत हुई तो परिजन ने इसके लिए उन रिश्तेदारों को जिम्मेदार ठहरा दिया, जिनके घर से वह लौट रहा था। बाद में अपने ही रिश्तेदारों से 5 लाख की मांग करते हुए शव को उनके घर के सामने रख दिया। जानकारी लगने पर पुलिस ने शव का अपमान करने और रुपए मांगने पर 8 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर लिया। ग्रामीण के शव का रविवार शाम पुलिस अभिरक्षा में ही अंतिम संस्कार कराया गया।
मामला कल्याणपुरा थाना क्षेत्र का है। बताया जाता है कि कैलाश पिता हुमा मेड़ा (30) निवासी खेड़ी 19 सितंबर की रात अपनी प|ी के भाई तेरू पिता कसना डामोर रिश्तेदार कांतिया भाबोर निवासी बरखेड़ा के साथ था। रात में साइकिल से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल हालत में कैलाश को कल्याणपुरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए ले जाने के बजाए कैलाश के परिजन शव लेकर तेरू डामोर के घर जा धमके। यहां शव रखकर उन्होंने 5 लाख रुपयों की मांग की। कैलाश के परिजन का कहना था उसकी मौत तेरू कांतिया की वजह से हुई है, इसलिए वे पैसा देंगे। जब उन्होंने रकम देने से इनकार कर दिया तो शव वहीं पड़ा रहने दिया। रविवार को मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो कल्याणपुरा थाना प्रभारी केएल बरकड़े अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को काफी समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। ऐसे में थाना प्रभारी ने सख्ती दिखाते हुए शव का अपमान करने के मामले में प्रकरण दर्ज करने को कह दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने शव उठाया और अंतिम संस्कार के लिए ले गए। कल्याणपुरा थाने में शव का अपमान करने के मामले में ग्राम खेड़ी निवासी धूमसिंह पिता खुशाल सिंगाड़, मल्ला पिता भूरजी मेड़ा, हुकिया पिता रामचंद्र मेड़ा, दुला पिता भूरजी मेड़ा, रमेश मावी, रामचंद्र भाबर तथा ग्राम बरोड़ निवासी अपजी भूरिया विजय भूरिया के विरुद्ध धारा 294, 323, 327, 506, 297, 147 में प्रकरण दर्ज किया गया।
मृतक की प|ी ने एडिशनल एसपी को दिया आवेदन।