- Hindi News
- सरपंच सचिव नहीं कर रहे कुआं निर्माण की राशि का भुगतान
सरपंच-सचिव नहीं कर रहे कुआं निर्माण की राशि का भुगतान
ग्राम छोटा मातासुला कोटड़ा फलिया के ग्रामीण ने जनसुनवाई में की शिकायत
भास्करसंवाददाता | झाबुआ
राणापुरविकासखंड के ग्राम छोटा मातासुला के कोटड़ा फलिये में रहने वाले सवेसिंह पिता रावा मेड़ा ने ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव पर कुआं निर्माण की राशि का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर उसने डिप्टी कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार से शिकायत की।
सवेसिंह ने बताया कृषि भूमि पर कपिलधारा योजना के अंतर्गत कुआं निर्माण स्वीकृत हुआ था। सरपंच सचिव ने भूमिपूजन कर काम शुरू करवा दिया लेकिन आधे से ज्यादा काम होने के बाद भी राशि का भुगतान नहीं हुआ। इसके लिए 1 लाख 90 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। मजदूरों को भुगतान करना है लेकिन स्वीकृत राशि में से आधी राशि का भुगतान भी नहीं हुआ। उधर, मजदूरी नहीं मिलने से मजदूरों ने काम भी अधूरा ही छोड़ दिया है। उसने बताया जब भी सरपंच-सचिव के पास राशि की मांग करने जाते हैं उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। उसने डिप्टी कलेक्टर से शीघ्र राशि का भुगतान कराने की मांग की।
यह भी आए आवेदन
> पुष्पमाला वसुनिया निवासी माधोपुरा ने पति की मृत्यु के बाद कृषि भूमि में उसका पुत्री अंजली का नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन दिया।
> सरदार पिता पांगला निवासी ग्राम सजेली नान्यासाथ (मेघनगर) ने किसान क्रेडिट कार्ड ऋण के नाम पर कृषक के साथ बैंक दलाल द्वारा धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत की।
> शमीम बी पति अब्दुल निवासी पेटलावद ने मलीन बस्ती में मकान आवंटन के लिए पात्र लोगों की अनदेखी कर नगर परिषद द्वारा अपात्र एवं शासकीय नौकरी में कार्यरत लोगों उनके परिजनों को मकान आवंटित किए जाने की शिकायत की।
> रामा विकासखंड की ग्राम पंचायत रजला के अमरसिंह पारगी ने पुल के घटिया निर्माण की शिकायत की।
> तानु पिता कड़वा निवासी ग्राम करड़ावद बड़ी (झाबुआ) ने विकलांग कोटे में इंदिरा आवास स्वीकृत करवाने के लिए आवेदन दिया।
> अनबाई पति अबलिया निवासी नवापाड़ा (झाबुआ) ने विधवा पेंशन दिलवाने के लिए आवेदन दिया।
> आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सेका मावी ग्राम बोरवा (थांदला) ने पुन: सेवा में बहाल करने के लिए आवेदन दिया।
प्राथमिक शाला खरड़ूछोटी में नहीं है गणित का शिक्षक
प्राथमिकशाला खरड़ूछोटी में गणित का शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।