- Hindi News
- वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस मौके पर पहुंची
वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस मौके पर पहुंची
पैर से बह रहा था खून, हत्या किए जाने जैसे कोई सुराग नहीं मिले
झाबुआ| भोजमार्ग में रहने वाली वृद्धा सूर्यकांता पति स्व. नरहरीप्रसाद त्रिवेदी (85) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खबर लगते ही एसडीओपी रचना भदौरिया थाना प्रभारी आरसी भाकर मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।
घटना रविवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे की है। बताया जाता है कि श्रीमती त्रिवेदी घर पर अकेली रहती थीं। उनका बेटा भोपाल में रहता है तो बेटी दाहोद में। शाम को पेयजल सप्लाय हुआ तो सामने रहने वाली टीना सोलंकी श्रीमती त्रिवेदी को बताने पहुंचीं। जैसे ही वे पहली मंजिल पर स्थित उनके कक्ष में गई, वहां श्रीमती त्रिवेदी पलंग पर अचेत पड़ी थीं और पैरों से खून बह रहा था। टीना चीखते हुए नीचे उतरी। आवाज सुनकर पूरा मोहल्ला जमा हो गया। सूचना मिलते ही एसडीओपी थाना प्रभारी मौके पर गए। पूरे घर में छानबीन की गई। कहीं भी ऐसा कुछ नजर नहीं आया जिससे हत्या की आशंका प्रतीत हो। पूरे शरीर पर कहीं भी किसी तरह की चोट के निशान नहीं थे। केवल पैरों से खून निकल रहा था। घर का सारा सामान भी व्यवस्थित रखा था। परिस्थितियों के मद्देनजर आशंका व्यक्त की जा रही है कि श्रीमती त्रिवेदी का अचानक निधन हो गया होगा और बाद में चूहे ने पैर कुतर दिया। जिससे खून बहने लगा।
हरपहलू की जांच कर रहे हैं
^मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद काफी कुछ स्पष्ट हो जाएगा। आरसीभाकर, थानाप्रभारी, झाबुआ