- Hindi News
- मंदिरों की जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया तो जिले के पुजारी कलेक्टोरेट पर धरना देंगे
मंदिरों की जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया तो जिले के पुजारी कलेक्टोरेट पर धरना देंगे
एसडीएम द्वारा नियुक्त पुजारी ने सबलगढ़ कैलारस क्षेत्र में स्थित मंदिरों की जमीन का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाए जाने की मांग जनसुनवाई में की है।
भास्करसंवाददाता। सबलगढ़
कैलारससबलगढ़ क्षेत्र स्थित रामजानकी मंदिर की जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराने मंगलवार को एसडीएम द्वारा नियुक्त पुजारी ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन दिया है। आवेदन में पुजारी द्वारा कलेक्टर को कहा गया है कि वह एसडीएम से लेकर धार्मिक न्यास मंत्री को इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। अगर इस बार कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिले के सभी मंदिरों के पुजारियों को एकत्रित कर कलेक्ट्रेट पर धरना देंगे।
ग्राम अटोरा तहसील कैलारस में स्थित राम जानकी मंदिर के पुजारी मुन्नालाल महंत ने कलेक्टर को दिए आवेदन में कहा है कि सुजरमा, बंधरेंटा, शहदपुर, गुलपुरा, सेमई, हिरावली, उचांड़, भीलमपुर, कट्टोली, लकेंजरा (सबलगढ़) स्थित मंदिरों की जमीन पर स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इस संबंध में कई बार एसडीएम से लेकर धार्मिक न्यास मंत्री तक शिकायत कर चुका हूं, लेकिन अभी तक कार्रवाई करना तो दूर, मंदिरों की जमीन का सीमांकन तक नहीं किया है। महंत मुन्नालाल ने मंदिरों की जमीन का सीमांकन कराने तथा उस पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग कलेक्टर से की है।