- Hindi News
- National
- Rs. 173.24 करोड़ के निर्माण व विकास कार्यों का केंद्रीय मंत्री ने किया लोकार्पण
Rs. 173.24 करोड़ के निर्माण व विकास कार्यों का केंद्रीय मंत्री ने किया लोकार्पण
रामकथा व भागवत कथा में शामिल होने के लिए केन्द्रीय मंत्री तोमर पहुंचे
भास्कर संवाददाता|कैलारस/सुमावली
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को जौरा विधानसभा क्षेत्र के रजौधा गांव पहुंचकर वहां 173 करोड़ 24 लाख 77 हजार रुपए की लागत के निर्माण व विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस मौके पर सबलगढ़ से मुरैना तक बनाई जाने वाली 107.57करोड़ रुपए लागत की सीमेंट कांक्रीट सड़क की आधारशिला भी रखी गई। इस अवसर पर सांसद अनूप मिश्रा व विधायक सूबेदार सिंह रजौधा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रजौधा में विधायक सूबेदार सिंह द्वारा आयोजित रामकथा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने हजारों की भीड़ के बीच 107.57 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाने वाली सबलगढ़-मुरैना कैनाल रोड का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने 3303.58 लाख रुपए की लागत से कैलारस में बनाए जाने वाले 132/33केवी विद्युत उपकेन्द्र का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने 125 गांवों के 273 मजरों के विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
सुमावली को उप तहसील बनवाएंगे : सुमावली क्षेत्र के अनीपुर गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि सुमावली को उप तहसील का दर्जा दिलाने के लिए वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष जोरदार पहल करेंगे। इसके लिए सांसद व विधायक मिलकर प्रस्ताव तैयार करें और प्रशासन से इसके लिए जोड़े और घटाए जाने वाले गांवों के नामों का मसौदा तैयार करा लें। उन्होंने कहा कि विधायक सत्यपाल सिकरवार ने इसके अलावा आज के कार्यक्रम में और जिन मांगों को रखा है। उनमें से कुछ को मंजूरी मिलने वाली है और शेष भी पूरी कराई जाएंगी।
सभा को संबोधित करते केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर।
सीएम ने मोबाइल पर लोगों को किया संबोधित
रजौधा में आयोजित कार्यक्रम को मोबाइल फोन से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रजौधा के कार्यक्रम में आने के लिए उन्होंने काफी समय पहले से तैयारी कर रखी थी, लेकिन ऐन वक्त पर तबीयत खराब होने पर वह क्षेत्रीय लोगों के बीच में उपस्थित नहीं हो सके हैं।