नैपरी में मनाया काला दिवस, सांसद को दिया ज्ञापन, थाने का घेराव आज
सामूहिक मौन व्रत रखकर आरोपियों को पकड़ने की मांग बुलंद की
भास्कर संवाददाता | मुरैना/कैलारस
विक्की शर्मा हत्याकांड के नामजद 12 आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर नैपरी गांव के लोगों ने रविवार को काला दिवस मनाया। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सांसद अनूप मिश्रा को रोककर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसी मुद्दे पर सोमवार को सर्वदलीय समिति कैलारस थाने का घेराव करेगी।
रविवार को नैपरी गांव के लोगों ने अपने घरों व सार्वजनिक स्थानों पर काले झंडे लगाकर पुलिस कार्रवाई में सुस्ती का विरोध किया। नैपरी चौराहे पर सुबह 11 बजे से शुरू हुए सामूहिक मौन व्रत के दौरान लोग मौखिक तौर पर कुछ नहीं बोले लेकिन उनके ज्ञापन में विक्की शर्मा की हत्या के मुकदमे में नामजद 12 आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग प्रमुखता से शामिल रही। काला दिवस मना रहे माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी व समाजवादी पार्टी के नेताओं सहित सभी जाति-बिरादरी के लोगों का कहना था कि लुधाया गांव में विक्की उर्फ जयदीप पुत्र नारायण शर्मा की आठ फरवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी लेकिन आरोपी नामजद होने के बाद भी पुलिस उन्हें सत्ता पक्ष के राजनीतिक दबाव के कारण गिरफ्तार नहीं कर रही है। जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं हो जाते तब तक यह सर्वदलीय आंदोलन जारी रहेगा।
सांसद बोले-जल्द पकड़े जाएंगे मुल्जिम : रजौधा गांव जा रहे सांसद अनूप मिश्रा जैसे ही रविवार की दोपहर 12 बजे नैपरी चौराहे पर पहुंचे तो काला दिवस मना रहे लोगों ने उनकी कार को रोक लिया । लोगों ने सांसद को एक ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि विक्की हत्याकांड का एक भी आरोपी बीते छह दिन में गिरफ्तार नहीं हो सका है । इससे पुलिस की निष्क्रियता व मिलीभगत उजागर हो रही है। लोगों की बात सुनने के बाद सांसद बोले कि पुलिस आरोपियों को जल्द ही सीखचों के भीतर डालेगी। पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना ने भी उन्हें आश्वास्त किया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
कैलारस थाने का घेराव आज
विक्की शर्मा की हत्या के आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति 15 फरवरी को कैलारस थाने का घेराव करेगी। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव मंडल सदस्य अशोक तिवारी ने बताया कि घेराव आंदोलन में बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। जुलूस सोमवार की दोपहर 12 बजे नैपरी चौराहे से शुरू होकर आंतरी व कैलारस के बाजार से होता हुआ दोपहर दा बजे कैलारस थाने पर पहुंचेगा।
सामूहिक मौन व्रत रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते ग्रामीण।
विक्की हत्याकांड