गोदाम से एक ट्रक मलेशिया सागौन जब्त
कैलारस| वनविभाग की टीम ने रविवार को कस्बा स्थित नरेन्द्र गौड़ के गोदाम से मलेशिया सागौन की लकड़ी के 2500 नग जब्त किए हैं। जब्ती की कार्रवाई पहाड़गढ़ की रेंजर डा. दीपमाला शिवहरे ने की। वन विभाग के अफसरों को सूचना मिली कि पेट्रोल पंप पर नौकरी करने वाले नरेन्द्र गौड़ के घर पर 19 सितंबर की रात साकू की लकड़ी से भरा एक ट्रक उतरा है। इस सूचना पर डीएफओ विसेंट रहीम ने रेंजर को सर्च वारंट के साथ गोदाम की तलाशी लेने के निर्देश दिए। मकान की तलाशी के दौरान वहां मलेशिया सागौन की लकड़ी का जखीरा पाया गया। रेंजर डा. शिवहरे ने बताया कि गोदाम कारोबारी के पास बिजनेस का नवीन रजिस्ट्रेशन नहीं था। जो रजिस्ट्रेशन दिखाया गया वह वर्ष 2012 के बाद रिन्यु नहीं कराया गया। गोदाम में क्षमता से अधिक लकड़ी भरी पाई गई। लकड़ी को जब्त करने के बाद वन विभाग की टीम ने गोदाम को सील कर दिया।