मनरेगा अधिकारी, कर्मचारियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी
मनरेगा संविदा अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक संगठन की कलम बंद हड़ताल जिले भर के जनपद कार्यालयों के सामने शुक्रवार को पांचवे दिन जारी रही। उधर इस हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों के लोग जरुरी कामकाज के लिए परेशान हो रहे हैं। हड़ताल पर बैठे अधिकारी, कर्मचारियों का कहना है कि जब मप्र सरकार उन्हें संविदा शिक्षकों की तर्ज पर नियमित करने की घोषणा नहीं करेगी तब कलम बंद हड़ताल घोषित अवधि तक जारी रहेगी।
मालूम हो कि पिछले चार दिन से पोरसा, अंबाह, जौरा, सबलगढ़, कैलारस, पहाड़गढ़ जनपद मुख्यालय पर मनरेगा में लगे अधिकारी, कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिस तरह शिक्षकों को तीन वर्ष पश्चात नियमित करने की नीति है उसी प्रकार मनरेगा के संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाना चाहिए। इस हड़ताल को अब तक डीआरडीए, मध्यान्ह भोजन, वाटरशेड परियोजना में लगे अधिकारी, कर्मचारियों का समर्थन मिल चुका है।
जनपद कार्यालय पर धरना देते मनरेगा अधिकारी, कर्मचारी।