पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • धनतलाब घाट चढ़ते बंद हुआ ट्रक, जाम लगा, आठ घंटे रेंगते रहे वाहन

धनतलाब घाट चढ़ते बंद हुआ ट्रक, जाम लगा, आठ घंटे रेंगते रहे वाहन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर आए दिन जाम लग रहा है। खासतौर पर धनतलाब घाट। बेहद संकरी और जीर्ण-शीर्ण पुलिया पर फिर एक वाहन खराब हो गया। इससे शुक्रवार सुबह चार बजे से जाम लगना शुरू हो गया, दोपहर तक वाहन रेंगते हुए जैसे-तैसे निकले। दरअसल, यहां गुरुवार को एक ट्रक का गुल्ला भी टूटा था। उसी के बाद रह-रहकर जाम लग रहा है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे बाद जाम खुल सका। अलसुबह तो घाट के दोनों ओर वाहनों की 3-3 किमी लंबी कतारें लग गई थी। बावजूद पुलिस हमेशा की तरह सुबह करीब 10 बजे ही वहां पहुंची।

कई लोगों को पैदल जाना पड़ा
घाट में यात्री वाहनों से जा रहे कई लोग पैदल उतरकर पुलिया पार करके गए और तीन से चार किमी का सफर कर अन्य वाहन से गंतव्य रवाना हुए। लंबे रूट की बसें भी फंसी रही। इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एक बार में एक वाहन निकलता है
घाट की पुलिया बेहद संकरी है। इससे दो वाहन क्रॉस नहीं हो सकते, एक बार में एक ही वाहन निकलता है। पुलिया पर या उसके आसपास के टुकड़े में यदि कोई वाहन बिगड़ता है तो दूसरे किसी भी वाहन को निकलने की जगह नहीं बचती। या तो वाहन सुधरे तब तक इंतजार करना पड़ता है या फिर वाहन को मुख्य रोड से हटाकर साइड में करने के लिए क्रेन आने का रास्ता देखना होता है। चूंकि दोनों तरफ गाड़ियां फंसी होती हैं, ऐसे में क्रेन पहुंचने में भी समय लग जाता है। इससे हालात और बिगड़ जाते हैं। ये आए दिन की समस्या है।

ये दिया सुझाव
नियमित आ-जा रहे लोगों ने बताया घाट की सिर्फ एक पुलिया के कारण हमेशा जाम लगता है, लेकिन उसे सुधारा नहीं जा रहा है। पुलिया को सीधा कर यदि चौड़ीकरण कर दिया जाए तो यहां जाम की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सकती है। आसपास के ग्रामीणों ने कहा घाट में पुलिस की ड्यूटी 24 घंटे ही होना चाहिए। पुलिस व्यवस्था रहने से समस्याएं कुछ हद तक कम हो जाती हैं।

3 बजे फिर लगा जाम
दोपहर में जाम खुलने के बाद 3 बजे से घाट पर फिर जाम लग गया। इस बार भी पुलिया पर वाहन चालकों के पहले निकलने की जल्दबाजी को कारण बताया गया। शाम करीब 5.30 बजे जाम खुला, लेकिन वाहनों की कतार लग चुकी थी। लोगों ने बताया कन्नौद की ओर से आने वाले भारी वाहन चढ़ाई करते हैं, जबकि चापड़ा की ओर जाने वाले वाहन घाट उतरते हैं। घाट उतरने वाले वाहन अंधे मोड़ पर तेजी से पुलिया के पास पहुंचते हैं और इसी दौरान यदि सामने से पुलिया पर भारी वाहन चढ़ रहा हो तो ब्रेक लगाने के कारण वह फिर से चढ़ाई नहीं कर पाता और जाम लगने लगता है।

ये बोले चालक
निजी वाहन से इंदौर से इटारसी जा रहे अली खान ने बताया कई घंटे से जाम में फंसे थे और कोई बताने वाला भी नहीं कि रास्ता कब खुलेगा।

देवास से हरदा जा रही बस के ड्राइवर कल्लू ने बताया यह रोड कहने के लिए नेशनल हाइवे है, लेकिन हालत गांव की सड़क जैसी खराब है।

चापड़ा. धनतलाब घाट में फंसे वाहन दिनभर रेंगते रहे।

घाट चढ़ नहीं पाती गाड़ियां
पुलिया पर वाहन रुक जाने कई टन माल लादकर जाने वाले ट्रक दम तोड़ देते हैं। वे आगे घाट में चढ़ नहीं पाते, इससे भी कई गाड़ियां फंसी रहती हैं। शुक्रवार को भी घाट चढ़ाई करने वाले वाहनों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। कई भारी वाहन चढ़ाई के बीच ही रफ्तार कम होने के कारण रूके और फिर से जाम जैसे हालात बने।

इसलिए होती है दिक्कत
गुरुवार को केवल ट्रक खराब हुआ था लेकिन शुक्रवार को समस्या गहरा गई। सुबह करीब 4 बजे हरदा की ओर से माल भर कर आ रहे ट्रक की रफ्तार कम हुई और वह पुलिया के पास जाकर बंद हो गया। पीछे से आ रहा ट्रक भी घाट नहीं चढ़ पाया और वहीं पर बंद हो गया। ऐसे में अन्य गाड़ियां रुकने लगी और जल्दी निकलने के चक्कर में वाहन चालक पुलिया पर जाकर गुत्थमगुत्था हो गए।

खबरें और भी हैं...