बाइक-ट्रैक्टर भिड़ंत में दो की मौत, एक घायल
बाइक-ट्रैक्टर भिड़ंत में दो की मौत, एक घायल
उदयनगर | पुंजापुरा रोड पर गुरुवार रात 8.30 बजे नगर से करीब 3 किमी दूर काली रेत से भरे ट्रैक्टर ने बाइक को चपेट में ले लिया। घटना में ट्रैक्टर भी पलट गया। बाइक से उदयनगर की ओर जा रहे रोहित मोहन नि. कालानी नगर इंदौर की मौके पर ही मौत हो गई। बिना नंबर के ट्रैक्टर ट्राली में बैठे गोपाल धन्नाजी (30) नि. सोबलियापुरा और युवती बारकी पिता दगड़िया (20) नि. आगराखुर्द को गंभीर हालत में बागली भेजा गया, जहां गोपाल धन्नाजी ने दम तोड़ दिया। बारकी को भी गंभीर हालत में रैफर किया गया है। लोगों ने बताया कि उदयनगर स्वास्थ्य केंद्र में दो दिन से डॉक्टर नहीं है, जिसके चलते तत्काल इलाज नहीं मिल पाया। इधर घटना की सूचना मिलते ही टीआई कैलाश चौहान मौके पर पहुंच गए थे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच कर रही थी।
करंट लगने से युवक की मौत
बागली | सफाईकर्मी पंकज अरुण डुमाने (28) नि. गांधी कॉलोनी की घर में करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के पिता शासकीय महाविद्यालय में भृत्य हैं। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
देवास | बीएनपी थाना क्षेत्र के ग्राम लसुड़िया छत्रधार के पास एक युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस ने बताया लाखन रमेश चौहान (35) नि. लसुड़िया छत्रधार का शव सुबह गांव के कांकड़ के पास सड़क किनारे लोगों ने देखा। आशंका है कि रात में उसे किसी वाहन ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू की है।
मनमानी वसूली व बिना आदेश के केबल प्रसारण बंद करने पर जताई आपत्ति
देवास | गुरुवार को सोशल मीडिया पर सक्रिय एफबी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सेटअप बॉक्स को लेकर की जा रही मनमानी वसूली व बिना किसी आदेश के केबल प्रसारण बंद करने का आरोप लगाया। सदस्यों ने एडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। संघ ने शिकायत में बताया शहर में केबल आपरेटर सेटअप बॉक्स लगाने का काम कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने सेटअप बॉक्स की राशि को लेकर कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए, जिसके चलते आपरेटर मनमानी वसूली कर रहे हैं। कई क्षेत्रों में 1200 रुपए तो कई क्षेत्रों में 1600 रुपए तक उपभोक्ताओं से वसूले जा रहे हैं। भगतसिंह मार्ग, गोया, कालानी बाग, आनंद बाग, सिविल लाइन, बड़ा बाजार, कटीघाटी आदि क्षेत्रों में बिना किसी शासकीय आदेश के केबल प्रसारण बंद कर दिया गया है। संघ ने मांग की है कि सेटअप बॉक्स की राशि को लेकर प्रशासन स्पष्ट निर्देश जारी करे और केबल प्रसारण बंद करने पर कार्रवाई करे। इस अवसर पर एफबी संघ के अरुण परमार, सिद्धार्थ मोदी, शुभम चौहान, नितिन सोनी आदि मौजूद थे।
मामूली बात पर किया चाकू से हमला, प्रकरण दर्ज
कन्नौद | सतवास मार्ग पर नीमखेडा मे उपाध्याय कृषि फार्म के सामने चार लोगों ने एक व्यक्ति पर मामूली विवाद में चाकू से हमला कर दिया। फरियादी दयाराम गट्टूलाल गुर्जर (46) नि. मुहाईजागीर ने आरोपी केवलराम शंकरलाल गुर्जर एवं तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। विवाद बाइक का संतुलन बिगड़ने की बात पर हुआ था। आरोपियों ने दयाराम के बेटे पर चाकू से हमला किया था।
अंबाड़ा खदान धंसने का मामला दुर्घटना में बदला
कन्नौद | 1 फरवरी को अंबाड़ा में मिट्टी खदान पर हुई अमजद हब्बू एवं अकरम मान खां की मौत के मामले में पुलिस ने अमजद की प|ी की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक भाईखां राशत खां के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत केस दर्ज किया है। अमजद की प|ी नज्जो ने पिछले दिनों मामले में आवेदन दिया था कि उसके पति की मौत खदान धंसने से नहीं बल्कि ट्रैक्टर की टक्कर से हुई है।