पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एक माह बाद भी शुरू नहीं किया खाचरौद रतलाम सड़क निर्माण

एक माह बाद भी शुरू नहीं किया खाचरौद-रतलाम सड़क निर्माण

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री से भूमिपूजन कराने के बाद भूले जिम्मेदार

भास्कर संवाददाता.नागदा

खाचरौद-रतलाम सड़क का निर्माण सिंहस्थ पूर्व हो पाएगा इस पर किसान कांग्रेस ने संदेह जताया है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद भरावा ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि 10 जनवरी को मुख्यमंत्री के हाथों सीमेंट-क्रांक्रीट सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया था। लेकिन एक माह गुजरने के बाद भी सड़क बनाने का कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है।

भरावा ने भाजपा नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अक्टूबर 2015 में भी सड़क का भूमिपूजन मुख्यमंत्री से ही कराया गया था। फर्क बस इतना था कि इस समारोह में रतलाम विधायक चेतन कश्यप ने सड़क निर्माण को स्वयं की उपलब्धि बताया था। वहीं जनवरी में हुए भूमिपूजन पर नागदा-खाचरौद विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने मार्ग के लिए स्वीकृत सीमेंट-कांक्रीट सड़क को स्वयं के खाते में बताकर जनता से खूब सराहना भी बटोरी थी। लेकिन दुर्भाग्य है कि दो-दो बार भूमिपूजन के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं शुरू हुआ है। ऐसे में सिंहस्थ को शेष रहे मात्र दो माह के अल्प समय में सड़क निर्माण कैसे होगा। भरावा ने बताया कि खराब सड़क के कारण लोगों को परेशानी के साथ आवागमन में समय भी बर्बाद करना पड़ता है। ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब कोई दुर्घटना नहीं घटित होती। जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के हित में किसान कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन के लिए मजबूर होगी।

कार्य शुभारंभ करने वाले कहां गए
भरावा ने बताया कि पूर्व में हो चुके भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री से दोबारा सड़क निर्माण का शिलान्यास कराने पर कांग्रेस के सवाल पर भाजपा नेताओं की दलील थी कि 10 जनवरी को मुख्यमंत्री के हाथों सड़क निर्माण का कार्य शुभारंभ कराया जा रहा है। तो फिर क्या कारण है कि एक माह गुजरने के बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं हुआ है।

खबरें और भी हैं...