एवजी के भरोसे चल रहे पटवारियों के काम
पटवारियों का कहना- हमारे कोई कर्मचारी नहीं, दलाल करते हैं यह काम
नीरज दुबे | खाचरौद
सरकारी मशीनरी में राजस्व को कार्य व अधिकारों के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण विभाग माना जाता है। इसमें ग्राम स्तर पर पटवारी को प्रशासन की सशक्त धुरी माना गया है। जाति प्रमाण पत्रों तक के जनता से जुड़े सारे काम उन्हें ही करना होते हैं लेकिन क्षेत्र में पटवारियों की जवाबदारी वाले सभी काम एवजी के भरोसे चल रहे हैं। सच्चाई यह है कि खाचरौद के अपने हल्के में जाने की बजाए ज्यादातर पटवारी के कामकाज उनके निजी कार्यालय से एवजी ही संचालित करते हैं। तहसील की कई महत्वपूर्ण फाइलें भी उनके दफ्तरों में रहती हैं। मामले में अतिरिक्त तहसीलदार संजय वाघमारे से संपर्क किया गया, परंतु उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया।
बिना पटवारी नहीं सरकता कागज- हर विभागीय कार्यों के लिए पटवारी की रिपोर्ट जरूरी रहती है। इसमें जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटांकन से लेकर राशनकार्ड, मूल निवासी, जाति प्रमाण पत्र, जमीन संबंधी, सरकारी योजनाएं शामिल हैं। रिपोर्ट के बाद ही कागज गति पकड़ता है।
निजी दफ्तर में फाइलों का अंबार- खाचरौद में अधिकांश पटवारियों के निजी दफ्तर में तहसील की महत्वपूर्ण फाइलों का अंबार लगा हुआ है। बाकायदा काम कराने वालों को वहां बुलाया जाता है। अधिकांश पटवारियों के पास उनका निजी स्टाफ है। उज्जैन से अप डाउन करने वाले पटवारियों की अनुपस्थिति में एवजी ही सारा काम निपटाते हैं। स्थिति यह है कि कहीं 1 तो कहीं 2-2 कर्मचारी उनके यहां काम कर रहे हैं, जिनकी तनख्वाह 5 से 10 हजार रुपए महीने तक है। जब कर्मचारियों को इतनी तनख्वाह बांट रहे हैं तो अंदाज लगाया जा सकता है कि वे क्या करते होंगे।
कहते हैं जवाबदार
बड़ागांव हल्का अतिरिक्त तहसीलदार संजय वाघमारे के कार्यक्षेत्र में आता है। मीना पाल, तहसीलदार खाचरौद
बड़ागांव हल्का पटवारी अपना काम एवजी कर्मचारी से कराता है। इसकी जानकारी आपके द्वारा मिली है। पटवारी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अशोक व्यास, एसडीएम, खाचरौद
बड़ागांव मेरे ही हल्के में आता है। जो युवक बंटवारा और नकल जैसे दूसरे काम वहां कर रहा है, वह दलाल है। मेरे यहां काम करने वाला नहीं है। वह सभी पटवारियों का काम करता है। यहां दलाल बहुत सारे हैं। हमारे नाम का उपयोग करके वह एेसा करता है। उज्जैन से आना-जाना करने वाले पटवारियों का बंटवारा छंटवाकर वह काम करता है। तेजपाल सिरोलिया, पटवारी, हल्का बड़ागांव
ये करते हैं हेरफेर का काम
पटवारियों द्वारा रखे गए एवजी निजी दफ्तर के साथ हल्के में जाकर भी कार्य किया जाता है। भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन के दौरान पता चला कि ग्राम बड़ागांव हल्का नंबर 63 के पटवारी तेजपालसिंह सिरोलिया अपने हलके में कभी कभार ही नजर आते हैं, स्थिति यह है कि उनका अधिकांश काम एवजी ही संभालता है। स्टिंग के दौरान की गई वीडियो में पटवारी सिरोलिया द्वारा बड़ागांव में एक बंटवारा के मामले में एवजी को संबंधित परिवार के लोगों से दस्तावेजों के साथ ही सभी बात तय करने के लिए भेजा गया। इसके द्वारा संबंधित आवेदक से सभी बातें तय की गई। जब भास्कर टीम पहुंची तो संबंधित ने पटवारी द्वारा भेजे होने की बात कहकर आवेदक से बाद में मिलने की बात कहकर इतिश्री कर ली।