ग्रामीणों को राशन नहीं मिलने पर विधायक आज बैठक लेंगे
शौचालय व मुख्यमंत्री विवाह योजना की राशि स्वीकृति पर भी होगी चर्चा
भास्कर संवाददाता | नागदा
अतिवृष्टि से प्रभावित नागदा व खाचरौद तहसील के किसानों को राशन दुकानों से खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर रविवार को भास्कर में प्रकाशित खबर के बाद क्षेत्रीय विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने सक्रियता दिखाई है। भास्कर से चर्चा में विधायक ने बताया कि सोमवार को मामले में ग्राम सचिवों व रोजगार सहायकों की बैठक बुलाई है। दोपहर 1 बजे खाचरौद में आयोजित बैठक में यह पता लगाया जाएगा कि एसडीएम द्वारा सूची जारी करने के बाद भी अब तक हितग्राहियों को सस्ते राशन के लिए पात्रता पर्ची का वितरण क्यों नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि भास्कर की खबर के बाद विधायक ने कलेक्टर सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी इस संबंध में जानकारी चाही है। बैठक में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों के खातों में मुआवजा राशि सहित फरवरी अंत तक तहसील के प्रत्येक ग्रामों में 100 प्रतिशत शौचालय निर्माण व मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत घर से शादी करने वाले जरूरतमंद परिवार को योजना के तहत 25-25 हजार रुपए की राशि स्वीकृति के आवेदनों पर भी चर्चा की जाएगी।
मार्च में मिल जाएगा राशन
विधायक के अनुसार पात्रता पर्ची वितरण का कार्य तेज गति से चल रहा है। पीड़ित किसानों को मार्च माह में किसी भी स्थिति में राशन उपलब्ध करा दिया जाएगा। गौरतलब है कि राशन का लाभ उन किसानों को दिया जाना था जिनकी 50 प्रतिशत अधिक बारिश से खराब हो चुकी थी। यह किसान ऐसे थे जिन्हें किसी भी योजना के तहत सार्वजनिक वितरण मूल्य की दुकानों से राशन की पात्रता नहीं थी। इन किसानों को प्राथमिकता परिवार की श्रेणी में शामिल कर राशन उपलब्ध कराया जाना था।