जिला बनाने के मुद्दे पर कांग्रेस आमजन से लिखवाएगी निबंध
युकां 27 मार्च को करवाएगी निबंध स्पर्धा
भास्कर संवाददाता | नागदा
आमजनों में चर्चा का विषय बना शहर को जिला बनाने के मुद्दे पर नया मोड़ आ गया है। मुद्दे को उठाने वाली कांग्रेस अब आम नागरिकों से शहर को जिला बनने से होने वाले लाभ पर राय लेगी। इसके लिए आगामी 27 मार्च को युकां व एनएसयूआई के बैनर तले निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने जा रही है।
प्रतियोगिता का विषय है अगर नागदा जिला बनता है तो शहर सहित खाचरौद, आलोट, महिदपुर को क्या लाभ होगा। इस विषय पर जितने प्रतिभागी अपनी राय निबंध के माध्यम से देंगे उनका कांग्रेस एक रिपोर्ट कार्ड तैयार करेगी। यहीं नहीं प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 5 हजार व तृतीय 1100 रुपए के पांच पुरस्कार भी निर्धारित किया है। इसके अलावा मुद्दे पर सर्वश्रेष्ठ निबंध लिखने वाले 100 प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न से भी नवाजा जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में किसी भी उम्र का व्यक्ति भाग ले सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नागरिक 20 मार्च तक युकां लोकसभा महासचिव नरेंद्र गुर्जर, युकां शहर अध्यक्ष दीपक गुर्जर, युकां ग्रामीण अध्यक्ष आशीष जैन, एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष संदीप चौधरी से पंजीयन करा सकते है।