72 सूत्री मांगों को लेकर पीएस से मिले
कांग्रेस प्रांतध्यक्ष ने शीघ्र ही निराकरण का अनुरोध किया
भास्कर संवाददाता | खाचरौद
एक ही पद पर पदस्थ प्रदेश के हजारों सहायक शिक्षकों को उच्च श्रेणी शिक्षक के पद पर पदस्थ करने, प्रदेश के शिक्षकों को समयमान वेतनमान देने सहित 72 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर मप्र शिक्षक कांग्रेस प्रांताध्यक्ष निर्मल अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने प्रमुख सचिव से मुलाकात कर शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया। प्रांताध्यक्ष अग्रवाल ने बताया प्रदेश के हजारों सहायक शिक्षक 30 से 35 वर्ष तक की सेवा एक ही पद पर (सहायक शिक्षक पद पर) दे रहे है, इन्हें आज तक पदोन्नत नहीं किया गया हैं। जबकि इन्हें दो क्रमोन्नति का लाभ दिया जा चुका हैं। शासन इन्हें उच्च श्रेणी शिक्षक का वेतन दे रही हैं लेकिन पद नाम नहीं दिए जाने से स्कूल शिक्षा विभाग में उच्च श्रेणी शिक्षक के हजारों पद खाली है। सिर्फ पदनाम बदलने मात्र से उच्च श्रेणी शिक्षक के पदों की पूर्ति हो जाएगी। शासन वेतन तो उच्च श्रेणी शिक्षक व प्रधानाध्यापक माध्यमिक विद्यालय के बराबर दे रही हैं और काम नहीं ले रही हैं इससे सरकार को हानि हो रही हैं। शीघ्र इस विषय पर निर्णय लिया जाए ताकि वर्षों से एक ही पद पर कार्य कर रहे सहायक शिक्षकों को पदोन्नति होने का अवसर मिले और स्कूलों में पदों की पूर्ति हो सके। प्रतिनिधी मंडल में प्रांतीय महासचिव स्वरुपनारायण चतुर्वेदी, संभागीय अध्यक्ष बृजेश व्यास, जिलाध्यक्ष अनिल नामदेव, जिला कोषाध्यक्ष बी.एल. राजपुरोहित, तह. अध्यक्ष सुरेंद्रसिंह रघुवंशी आदि शामिल थे।