मीडिया को हकीकत बताने विधायक ले गए रतलाम रोड
खाचरौद-रतलाम सड़क को लेकर शुरू हुई राजनीति
भास्कर संवाददाता | खाचरौद
रतलाम-खाचरौद सड़क काे लेकर सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस नेता गोविंद भरावा द्वारा सड़क का कार्य शुरू नहीं कराने के आरोप के जवाब में गुरुवार को विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने मीडियाकर्मियों को मौके पर ले जाकर वस्तुस्थिति का खुलासा किया है। विधायक ने बताया कि 10 जनवरी को मुख्यमंत्री के हाथों कार्य शुभारंभ के तीसरे दिन से सड़क बनाने का कार्य शुरू हो चुका था। में स्वयं निर्माण कार्य की प्रतिदिन समीक्षा कर रहा हूं। बुधवार को ग्राम भुवासा स्थित विवाह समारोह में पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर भी इसी रोड से पहुंचे थे। इसके बाद भी इस तरह के बयान उन्हें भी सड़क बनती हुई दिखाई दी होगी। बावजूद गुर्जर कांग्रेस नेताओं के माध्यम से एक माह बाद भी कार्य शुरू नहीं होने के झूठे बयान जारी कराएं तो यह हास्यापद है। सड़क निर्माण का अवलोकन कराने के दौरान विधायक शेखावत ने निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर और लोनिवि अधिकारी गौतम अहिरवार से निर्माण कार्य को लेकर चर्चा भी की।
15 साल वाले ने नहीं दिया कोई सकारात्मक सुझाव- विधायक शेखावत ने कहा कि पिछले 15 साल दिलीपसिंह गुर्जर विधायक रहे है। मेरी हमेशा से इच्छा रही कि उनके अनुभव का लाभ मुझे क्षेत्र का विकास करने के लिए सुझाव के रूप में मिले। मैं गलती करूं तो वे मुझे बताएं, प्रसन्नता होगी। मैं गलतियों में सुधार अच्छा करने का प्रयास करता रहूंगा। लेकिन विधायक बनने के दो साल बाद मुझे क्षेत्र के विधायक रह चुके दिलीपसिंह गुर्जर के अनुभव का लाभ अथवा कोई सकारात्मक सुझाव तक नहीं मिला है।
भौतिक सत्यापन के बाद जारी करे बयान- विधायक शेखावत ने मीडिया के माध्यम से किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद भरावा को समझाइश देते हुए कहा कि पूर्व विधायक गुर्जर स्वयं प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं करते है, वे दूसरे के कंधे पर रखकर ही बंदूक चलाते हैं। आगे से भरावा हकीकत को समझकर और भौतिक सत्यापन करने के बाद प्रेस में बयान दें तो उनकी छवि दागदार नहीं होगी।
शूभ घड़ी आने वाली हैं- विधायक शेखावत ने मीडिया को बताया कि विधायक गुर्जर 13 फरवरी को खुले मंच पर बहस करेंगे। इस दिन का मैं भी बेसब्री से इंतजार कर रहा हुं। विकास के मुद्दे पर मेरी उनसे बहस हो और अच्छे सुझाव मिले ताकी मैं जनता के लिए कुछ कर सकूं।
आंदोलन करना आसान नहीं-विधायक शेखावत ने कहा कि गुर्जर चांदी के चम्मच से दूध पीकर राजनीति में उतरे है। इसलिए आंदोलन उनके बस की बात नहीं है। विकास की बात करें, गलती हुई तो सुधार करूंगा।
नहीं बनी एक मीटर सीसी सड़क, सिंहस्थ से पहले कैसे होगा कार्य पूर्ण
कांग्रेस नेता भरावा ने पलटवार करते हुए कहा कि खाचरौद को रतलाम से जोडने वाली 32 किलोमीटर खाचरौद-रतलाम रोड का निर्माण कार्य शुभारंभ के एक माह बाद भी शुरू नहीं हुआ था। मेरे बयान जारी करने के बाद ही आनन-फानन में ठेकेदारों से बात करके रोड़ का काम शुरू कराया है। मीडिया को भी इसलिए मौके पर ले जाकर झूठ काे सच साबित करने की कोशिश की जा रही है। विधायक कह रहे हैं कि भूमिपूजन के बाद दूसरे दिन ही रोड़ निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया था, आज एक माह पश्चात भी 32 किलोमीटर में से कितने किलोमीटर रोड का समतलीकरण व चौड़ीकरण हुआ है। बताएं। एक माह में एक मीटर सीमेंट-कांक्रीट रोड बना हो तो बता दें। जहां तक कंधे पर बन्दूक रखने का सवाल है मैं खुद कांग्रेस का पदाधिकारी हूं। विपक्ष के नाते सत्ता पक्ष की कमजोरियों को जनता के समक्ष लाना हमारा दायित्व है। महत्वपूर्ण यह है कि उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व के आयोजन को अब कुछ दिन शेष बचे हैं और क्या नियत समय में सड़क का निर्माण पूर्ण हो पाएगा।
जेसीबी से सड़क की खुदाई करते लेबर। इनसेट लोनिवि अधिकारी व सुपरवाइजर से निर्माण कार्य की जानकारी लेते विधायक शेखावत।