पांच दिन हो गए नहीं बंटा राशन
भास्कर संवाददाता। महिदपुर
तहसील के लोगों को फरवरी महीने का राशन अब तक नहीं मिला है। जबकि हर माह 6 तारीख से मिलने लगता है। समय पर राशन नहीं मिलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग रोज राशन की दुकान का चक्कर लगाकर निराश लोट रहे है। सहायक आपूर्ति अधिकारी सुनिल वर्मा ने बताया कि पीओएस मशीन साफ्टवेयर में तकनीकी खराबी के चलते राशन नहीं बंट पाया है। तहसील में 63 राशन दुकानें है जहां पाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन लगाई गई है। एक फरवरी से मशीनों के माध्यम से ही राशन बांटा जाना था। लेकिन तकनीकी खराबी के चलते राशन दुकान संचालकों को खाद्य सामग्री का आवंटन नहीं मिला। दुकान संचालकों ने बताया कि पहले खाद्य सामग्री प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं की लिस्ट भेजना पड़ती थी। अब नई सुविधा शुरू होने से पीओएस मशीन में सभी उपभोक्ताओं का रिकार्ड करना होता है। साथ ही एक सूची खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग को भेजना पड़ती है। इसके आधार पर आवंटन प्राप्त होगा। राशन दुकानों पर भ्रष्टाचार रोकने व राशन वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए पीओएस मशीन लगाने की शुरूआत की गई। लेकिन शुरूआत में की तकनीकी परेशानियों के कारण प्रक्रिया आरंभ होने में देरी हो रही है।