तीन पग में प्रभु ने नापे तीनों लाेक
भास्कर संवाददाता.मनासा/आंतरी
भगवानसंसार के कल्याण के लिए धरती पर अवतरण लेते हैं। भक्तों की रक्षा करते हैं। राजा बली के महायज्ञ में दान के लिए भगवान विष्णु वामन अवतार लेकर आए और तीन पग में तीनों लोक नाप दिए।
आंतरी में गुरुवार को श्रीमद् भागवत कथा में वामन अवतार और नरसिंह अवतार के प्रसंग सुनाए। सुंदर झांकियों के बीच पं. शंभूप्रसाद प्रधान ने छोटे-छोटे उदाहरणों के साथ कथा सुनाई और भजन-कीर्तन हुआ। पंडित प्रधान ने कहा भगवान भक्त की रक्षा के लिए स्वयं आते हैं। बस भक्त सच्चे मन से उन्हें पुकार लें। राजा हिरण्यकाश्यपु के अत्याचारों से लोग त्रस्त हो गए थे। भगवान ने लीला रची और राजा के घर भगवान की अनन्य भक्त प्रह्लाद का जन्म हुआ। प्रहलाद की विष्णु भक्ति से राजा नाराज हुआ। समझाने, डराने, धमकाने के बाद भी प्रह्लाद ने प्रभु भक्ति नहीं छोड़ी। राजा ने उसे मारने का षडयंत्र रचा लेकिन हर बार भगवान ने उसकी रक्षा की। एक दिन राजदरबार में प्रह्लाद ने अपने पिता को प्रभु भक्ति करने को कहा तो वह क्रोधित हो गया। क्रोध से भरे हिरण्यकाश्यपु ने तलवार उठाई और कहा बुला तेरे भगवान को आज वही तेरे प्राणों की रक्षा करेगा। कहां है तेरा भगवान, इस मिट्टी के खंभ में भगवान हैं क्या। प्रह्लाद ने कहा भगवान कण-कण में है और इतने में भीषण स्वर हुआ। खंभा फाड़कर भगवान नृसिंह प्रकट हुए और हिरण्यकाश्यपु काे गोद में लिया। पेट फाड़कर भगवान ने उसका अंत कर दिया और भक्त की रक्षा की। राजा बली के महायज्ञ में भी भगवान वामन का अवतार लेकर पहुंचे और बलि से तीन पग धरती मांगी। बली ने भगवान को तीन पग धरती दान में दी और भगवान ने तीन पग में तीनों लोक नाप दिए। कथा के प्रसंगों के बीच-बीच में सुंदर भजन प्रस्तुत किए और श्रद्धालु जमकर थिरके।
महिलाएं ठान ले तो छुड़वा सकती हैं शराब
आजसमाज के युवाओं में शराब की लत बढ़ती जा रही है। शराब के कारण कई घर बर्बाद हो रहे हैं। लोग असमय काल के गाल में समा रहे हैं। घर की महिलाएं ठान ले तो पुरुष की शराब छुड़वा सकती है। पंडित प्रधान ने चुटकी लेते हुए कहा जब बहू पति से मां-बाप का घर छुड़ा सकती है तो शराब कौन सी बड़ी चीज है। अपने घरों को बचाना है तो शराब छुड़वाने का संकल्प लेकर घर जाए।
वामन अवतार की झांकी और कथा सुनाते पं. शंभूप्रसाद प्रधान।
कथा सुनने जुटी महिलाएं।