पैनकार्ड की अनिवार्यता के विरोध में आज बंद रहेगा सराफा बाजार
दो लाख रुपए का सोने-चांदी खरीदने पर पैन कार्ड की अनिवार्यता के विरोध में बुधवार को सराफा बाजार बंद रहेगा। नीमच सराफा व्यापारी एसोसिएशन के बैनर तले व्यवसायी धरना देकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। देगा।
नीमच सराफा व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र सोनी ने बताया जिले में 500 सराफा दुकानें हैं। ये सभी बुधवार को बंद रहेंगे। व्यवसायी दोपहर 12 से शाम 4 बजे घंटाघर चौराहे पर धरना देकर 2 लाख रुपए की खरीदी पर पैन कार्ड की अनिवार्यता के खिलाफ विरोध प्रदर्शित करेंगे। इसमें मनासा, जावद सहित जिलेभर के व्यवसायी शामिल होंगे। सोनी ने बताया एक दिन सांकेतिक हड़ताल से जिले के सराफा बाजार में करीब 4 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित होगा। गलई (चांदी गलाने वाले), मंगलसूत्र पिरोने वाले कारीगर की जिलेभर में करीब 25 दुकानें हैं। सराफा एसोसिएशन के साथ ये भी हड़ताल पर रहेंगे।
सराफा व्यवसायी जितेंद्र सोनी, नरेंद्र लोढ़ा, सुरेशसिंहल, मनोज सोनी, रीतेश लोढ़ा, मुरारीलाल गर्ग ने बताया सरकार पहले सभी को पैन कार्ड उपलब्ध कराए। उसके बाद नियम लागू करे। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी अधिकतर लोगों के पास पैन कार्ड नहीं है। पांच लाख से ज्यादा की खरीदी पर ही पैन कार्ड अनिवार्य किया जाना चाहिए।
राजस्व का भी होगा नुकसान
सराफा व्यवसायियों के के अनुसार सरकार दो लाख की खरीदी पर पैनकार्ड अनिवार्य कर रही है। जबकि देश में अभी तक सिर्फ 13 फीसदी लोगों के पास ही पैनकार्ड हैं। ऐसे में कारोबार पर व्यापक असर पड़ेगा। इसके मजबूरी में व्यापारी बिना बिल एवं कच्चे बिल पर कारोबार करेंगे। इससे शासन को राजस्व की हानि होगी।