सड़क किनारे पेवर ब्लॉक मशीनों से होगी सफाई
30 हजार की आबादी वाले शहर को धूल मुक्त करने के लिए नगर परिषद ने कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और गली-मोहल्लों में सीमेंट-कांक्रीट होगा। सड़कों की सफाई भी मशीन से होगी। इसके लिए रामपुरा नाके से प्रयोग शुरू भी हो गया है।
रामपुरा नाका, मंदसौर चौराहा, करगिल चौक, बस स्टैंड क्षेत्र, भाटखेड़ी रोड और बाजार आदि क्षेत्रों में धूल के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्मी के दिनों में हवा और आंधी चलने पर लोगों की समस्याएं बढ़ जाती हैं। बारिश में कीचड़ की समस्या रहती है। जल्दी ही इससे निजात मिलने वाली है। नगर परिषद शहर को धूलमुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए योजना अंतिम चरण में है। प्रयोग के तौर पर रामपुरा नाके पर काम शुरू भी हो गया है। रामपुरा नाके के साथ ही बाजार के मुख्य मार्ग के किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। गलियों-चौराहों का सीमेंट-कांक्रीट भी होगा। योजना के पहले चरण में मंदसौर चौराहे से लेकर नीमच रोड तक की सड़क को धूलमुक्त किया जाना है। इसके लिए सड़क के दोनों तरफ पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इस पर तकरीबन 50 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। अगले चरणों में मंदसौर चौराह से रामपुरा रोड, मंदसौर रोड से मंदसौर चौराहा, बस स्टैंड से बाजार तक का क्षेत्र शामिल होगा। सड़कों की सफाई से मशीनों से की जाएगी। इसके लिए परिषद मशीनें भी खरीदेगी।
रामपुरा नाके पर लगाई पेवर ब्लॉक।
परिषद की बैठक आज
शहर को ऑडिटोरियम की सुविधा देने के लिए शुक्रवार को नगर परिषद की बैठक होगी। विधायक कैलाश चावला व नगर परिषद मिलकर 50 लाख रुपए की लागत से यह सुविधा देगी। सीएमओ राजेंद्र हरगौड़ ने बताया बैठक में जनहित के अन्य प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श होगा।
मंदसौर-नीमच रोड से होगी शुरुआत
नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सोनी ने बताया शहर धूलमुक्त बनाने की योजना पर काम हो रहा है। पहले चरण में मंदसौर चौराह से नीमच रोड तक सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इसके बाद अन्य मार्गों को लिया जाएगा। शहर को धूलमुक्त और साफ रखने में शहरवासियों का भी सहयोग लिया जाएगा।
लोगों से करेंगे अनुरोध
मनासा को धूलमुक्त रखने के लिए नगर परिषद शहरवासियों से भी अनुरोध करेगी। लोगों से घरों से निकला कचरा वाहनाें में डालने, सड़कों पर रेत-गिट्टी, मुरम-मिट्टी नहीं डालने, घरों-दुकानों के बाहर सफाई रखने की अपील की जाएगी।