मंदसौर की नाबालिग लड़की की रतलाम की बुआ कर रही थी शादी की तैयारी
मंदसौर की एक नाबालिग लड़की की रतलाम में रहने वाली बुआ शादी की तैयारी कर रही थी। तभी महिला सशक्तिकरण विभाग की टीम पहुंची।
जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी को शुक्रवार को फोन पर सूचना मिली कि धीरज शाह नगर में रहने वाली बुआ मंदसौर में रहने वाली नाबालिग भतीजी की शादी करने वाली है। टीम ने तत्काल कॉलोनी में तलाश शुरू की लेकिन कोई बताने को तैयार नहीं था। शनिवार को बसंत पंचमी होने से विभाग को शंका हुई कि आज शादी होगी। इस दिन भी दिन और रात को भी ढूंढा लेकिन पता नहीं चला। रविवार सुबह पता चला कि गली नंबर 2 में रहने वाली भगवती बाई मंदसौर में बरबुंडा गली में रहने वाली 14 साल की भतीजी की शादी करने वाली हैं। खंड सशक्तिकरण अधिकारी कल्पना सुरोलिया पहुंची। यहां बुआ से पूछा तो जवाब मिला मैं तो अपने बेटे सोनू की शादी कर रही हूं। शादी की पत्रिका भी दिखाई। भतीजी को तो सेवा करने के लिए लाई हूं। मैं शादी नहीं बल्कि सगाई कर रही हूं। इस पर समझाइश देकर अधिकारी ने लिखित में लिया कि 18 साल होने पर ही इसकी शादी करेंगे और टीम लौट गई।
काम में मदद करने लाई हूं
मुझे कैंसर हैं। इलाज चल रहा है। इससे काम में मदद करने के लिए भतीजी को लाई हूं। मैं उसकी शादी नहीं कर रही हूं। मेरे बेटे सोनू की शादी है। भले ही आप मोहल्ले वालों से पूछ लो। इसकी तो सगाई करने वाली थी। अब वो भी नहीं करूंगी। भगवती बाई, बुआ
फोन पर दो दिन पहले सूचना मिली थी कि मंदसौर की किसी नाबालिग लड़की की शादी रतलाम में करने की तैयारी हो रही है। टीम को भेजा तो किसी ने नहीं बताया। शनिवार को पूरी रात ढूंढा। रविवार को मौके पर पहुंच पंचनामा बनाया। परिजन को समझा दिया और लिखवा कर ले लिया कि 18 साल बाद शादी करेंगे। रवींद्र मिश्रा, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी