आज ऑनलाइन हो जाएगी यह सोसायटी
{बैंक में करीब 1 हजार सदस्य, वेतन में राशि काटकर छोटी बचत करते हैं
सिटीरिपोर्टर. मंदसौर
जिले के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब सहकारिता क्षेत्र में काम करने वाली कोई सोसायटी ऑनलाइन होगी। यह संभव किया है मप्र विद्युत मंडल कर्मचारी परस्पर सहकारी साख संस्था मर्यादित मंदसौर ने। संस्था में मंदसौर-नीमच जिले के करीब 1 हजार सदस्य हैं। ये अपने वेतन में से राशि कटवाकर छोटी बचत करते हैं। जिससे बच्चों की पढ़ाई, अन्य कामों में उपयोग कर सकें।
1990 में अस्तित्व में आई इस सोसायटी का कार्यक्षेत्र मंदसौर-नीमच जिला है। वेबसाइट mpebfsssm.in बनकर तैयार है। गुगल से डोंगल भी लिया है। संस्था की 23वीं वार्षिक साधारण सभा रविवार काे अफीम गोदाम राेड स्थित श्रम शिविर में हाेगी। इसमें अध्यक्ष डीसी सक्सेना, उपाध्यक्ष सरोज गौत्रे संचालक मंडल के वरिष्ठ डीएस चंद्रावत सदस्यों की मौजूदगी में संस्था की सभी सेवाएं ऑनलाइन करेंगे। कटाैती राशि का हिस्सा इसी माध्यम से जमा कराने के साथ अन्य उपयोग भी संभव हो सकेंगे। इससे समय की बचत सुविधा होगी। कार्यक्रम में संस्था के सेवारत, सेवानिवृत्त सदस्यों, परिवारों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राआें के सम्मान के साथ सभी सेवाएं ऑनलाइन कर दी जाएंगी। अध्यक्ष सक्सेना कहते हैं संस्था के सहयोगियों के सहयोग से यह संभव हो सका है। हमें भी दूर-दराज काम करने वाले सदस्यों के लिए कुछ करना था, इसी को देखते हुए संस्था की सभी सेवाएं ऑनलाइन कर दी हैं।
नाहर सैयद रोड स्थित सोसायटी का भवन, जहां कई सेवाएं होंगी ऑनलाइन।