- Hindi News
- पेट्रोलियम पदार्थ सस्ते, फिर भी किराये में नहीं राहत
पेट्रोलियम पदार्थ सस्ते, फिर भी किराये में नहीं राहत
{विधायक सिसौदिया ने विस में उठाया सवाल
{संभाग में बसों के किराया कम नहीं हुआ
सिटीरिपोर्टर | मंदसौर
केंद्रसरकार ने 2 माह में महंगाई से परेशान जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में 10 रुपए की कमी कर दी है। बावजूद इंदौर-उज्जैन संभाग में बसों के किराये में कोई कमी नहीं की है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के साथ किराये में बढ़ोतरी कर दी जाती है। मंदसौर विधायक यशपालसिंह सिसौदिया ने विधानसभा में सवाल उठाते हुए कहा अधिकारियों की मिलीभगत के कारण यात्री किराये में कमी नहीं होने के कारण आमजन को दाम कम होने का फायदा नहीं मिल रहा। सरकार को सख्त कदम उठाते हुए तत्काल बस किराये में पेट्रोल-डीजल के कम हुए दामों के मान से कमी कराना चाहिए।
करोड़ों की बकाया राशि नहीं मिली खनिज विभाग को
विधायक सिसौदिया ने विधानसभा में एक अन्य प्रश्न उठाते हुए पूछा करोड़ों रुपए की राशि अब तक खनिज विभाग में जमा नहीं हुई। अकेले मंदसौर जिले में एक करोड़ रुपए की रायल्टी बाकी है और नीमच जिले में राशि और ज्यादा है। यही नहीं संभाग के कई खनिज अधिकारियों पर विभिन्न शिकायतों की जांच लंबित हैं। विधायक के सवाल पर खनिज मंत्री ने बताया मंदसौर में 95 लाख 99 हजार 328 रुपए की रॉयल्टी बकाया है। इनमें से 35 लाख 18 हजार 103 लोनिवि द्वारा तथा 4 लाख 26 हजार रुपए मंदसौर नपा द्वारा ठेकेदारों से काटे जा चुके हैं। उच्च न्यायालय के पारित आदेश के परिपालन में खनिज मद में जमा नहीं किए हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में यह बताया कि उज्जैन संभाग के कई अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें है जिनमें राकेश कनेसरिया सहायक खनिज अधिकारी नीमच पर आपराधिक षडयंत्र रचे जाने के संबंध में शिकायत, वीके सांखला तत्कालीन सहायक भौमिकीविद तत्कालीन प्रभारी अधिकारी नीमच पर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो भोपाल में दामोदरपुरा में मंदिर की भूमि को विक्रम सीमेंट को आवंटित करना तथा अवैध खनन क्षेत्र को वैध कर शासन काे राजस्व हानि पहुंचाने के मामले में शिकायत लंबित है।