पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ट्रेन से बैग चुराया, बदले में मांगे 20 हजार रुपए

ट्रेन से बैग चुराया, बदले में मांगे 20 हजार रुपए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर-भोपालएक्सप्रेस (19711) के एसी कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग चुराकर वापस देने के बदले आरोपियों ने 20 हजार रुपए की फिरौती मांगी। नीमच जीआरपी ने योजना बनाकर दोनों को मंगलवार शाम मंदसौर से गिरफ्तार किया।

जीआरपी के मुताबिक जयपुर से भोपाल जा रही ट्रेन 19711 के एसी कोच नंबर बी- 1 से रोहित राय पिता दामोदर राय (23) निवासी इटारसी भोपाल जा रहा था। नीमच से मंदसौर के बीच अज्ञात लोगों ने बेग चुरा लिया। रोहित को भोपाल में बैग चोरी का पता चला। उसने भोपाल स्टेशन पर जीआरपी पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करा दी। बैग में 5वीं से ग्रेजुएशन की डिग्री सहित अन्य दस्तावेज थे। एक दिन बाद बैग चुराने वालों ने रोहित को फोन किया बैग हमारे पास है 20 हजार रुपए देकर ले जाओ। बैग के बदले रुपए मांगने की सूचना रोहित ने जीआरपी भोपाल में दी। नीमच क्षेत्र का मामला होने के कारण नीमच जीआरपी को आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।

फोन की लास्ट लोकेशन मंदसौर गोशाला के पास की निकली। जीआरपी कांस्टेबल सोनू मालवीय ने रोहित बनकर आरोपियों से बात की कि मंगलवार शाम 7.30 बजे रुपए लेकर रहा हूं कहां आना है। आरोपियों ने पांच छह लोकेशन बदली। मंगलवार देर रात आरोपियों ने आखिर लोकेशन मंदसौर के शगुन गार्डन के पास बताई। जीआरपी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम आरिफ मंसूरी पिता रूस्तम मंसूरी और दीपक पिता जुझारसिंह यादव दोनों निवासी तितरोद थाना सीतामऊ बताया। नीमच जीआरपी ने दोनों को गिरफ्तार कर उज्जैन जीआरपी को सौंप दिया। जीआरपी थाना प्रभारी एएसआई नरेश सिंह ताेमर के मार्गदर्शन में कांस्टेबल देंवेद्र जोशी, भारतसिंह सहित टीम के अन्य सदस्यों ने कार्रवाई की।